इटावा के ग्राम गढाकासदा में बुखार का प्रकोप, दो बच्चों की मौत, 12 बीमार
इटावा के गढ़ाकासदा गांव में बुखार का प्रकोप फैल गया है, जिससे पिछले दो दिनों में दो बच्चों की मौत हो गई और एक दर्जन बच्चे बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी तक गांव नहीं पहुंची है, हालांकि जिलाधिकारी ने टीम भेजने का आश्वासन दिया है।

ग्राम गढ़ाकास्दा में जानकारी देते गुनगुन के स्वजन। जागरण
HighLights
एक बच्चे की हालत अभी भी गंभीर, आइसीयू में भर्ती
एक दर्जन बच्चे बीमार, निजी अस्पतालों में इलाज जारी
गांव में गंदगी और मुर्गी फार्म को लेकर ग्रामीणों में चिंता
संवाद सहयोगी, चकरनगर (इटावा)। यमुना नदी किनारे बसे गढ़ाकास्दा गांव में वायरल बुखार फैलने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 12 बच्चे बीमार हैं। इनमें एक बच्चे की हालत नाजुक होने पर उसे शहर के निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य बीमार बच्चों का शहर और औरैया के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। दो बच्चों की मौत से गांव में अफरातफरी मची हुई है। ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बीमार बच्चों की जानकारी ली और उपचार शुरू कराया।
गांव निवासी महेंद्र दोहरे के 14 वर्षीय बेटे सत्येंद्र की गुरुवार रात बुखार के कारण हालत बिगड़ गई। खून जैसी काली उल्टी होने के बाद उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को मुकेश कठेरिया की 13 वर्षीय बेटी गुनगुन भी बीमार हो गई। स्वजन उसे उपचार के लिए औरैया के बाबरपुर स्थित निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन बारिश के कारण रास्ते में उसकी मौत हो गई।

गांव में बीमार शिप्रा व प्रिया। जागरण
गांव में 12 अन्य बच्चों के बीमार होने की जानकारी सामने आई। इनमें आशिक पुत्र अरविंद की हालत गंभीर होने पर उसे शहर के निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य बच्चों को औरैया के बाबरपुर और अजीतमल स्थित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ बच्चों का गांव में ही उपचार चल रहा है।
गांव में फैली गंदगी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीण केशवराम, राम प्रकाश, शिव मंगल और मिथलेश कुमारी आदि ने बताया कि पीएचसी से लेकर गांव के कई हिस्सों में गंदगी फैली हुई है। आरोप है कि सफाई कर्मी कभी-कभी आते हैं और केवल विद्यालय के आसपास सफाई कर चले जाते हैं। ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर संचालित मुर्गी फार्म से आने वाली दुर्गंध को लेकर भी चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ कई बच्चों के बीमार होने और दो बच्चों की मौत के बावजूद उन्हें बीमारी के वास्तविक कारण की जानकारी नहीं है। ग्रामीणों ने गांव में सफाई कराने के साथ ही बीमारी की जांच कर कारण पता लगाने की मांग की है।
बीमार बच्चों की सूची
कुनाल पुत्र मुकेश कठेरिया, मीनाक्षी पुत्री मुकेश कठेरिया, प्रिंसी पुत्री अरविंद, शिवानी पुत्री अरविंद, काजल पुत्री अरविंद, आशिक पुत्र अरविंद, आर्यन पुत्र श्रीकृष्ण दोहरे, राघव पुत्र प्रेम सिंह दोहरे, अनामिका पुत्री कुलदीप, आशिक पुत्र अभय कुमार, शिप्रा व प्रिया पुत्री राजकुमार आदि।
गढ़ाकास्दा गांव में बच्चों के बीमार होने की सूचना को गंभीरता से लिया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव भेजी गई है। टीम गांव में पहुंचकर सभी लोगों की जांच करेगी और बीमार मिलने वाले लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर अस्पताल भेजा जाएगा। गांव में सफाई और आसपास की स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा, ताकि बीमारी के फैलने के कारणों का पता लगाया जा सके।
डा. बृजेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ
यह भी पढ़ें- इटावा में एनकाउंटर के बाद गिरफ्त में हत्यारोपित, मां- बेटी की हत्या करने वाला मुख्य आरोपित पति सत्येन्द्र गिरफ्तार
