इटावा में 'दूध वाली बाल्टी' से 30 लाख की चोरी, INSTA प्रेमी के चक्कर में नौकरानी ने रिटायर्ड SDO के घर से पार किए जेवर
इटावा में एक रिटायर्ड महिला इंजीनियर के घर से 30 लाख रुपये के जेवरात चोरी करने वाली नौकरानी को तीन माह बाद गिरफ्तार किया गया है। उसने चोरी के जेवर बेच ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
रिटायर्ड महिला इंजीनियर के घर 30 लाख की चोरी का तीन माह बाद पर्दाफाश, नौकरानी गिरफ्तार
दूध की बाल्टी में छिपाकर ले जाती थी जेवरात, 77 हजार नगदी पुलिस ने घर से की बरामद
इंस्टाग्राम प्रेमी के प्यार में अंधी होकर उसके बैंक खातों में ट्रांसफर की जेवरात बेचकर मिली बड़ी रकम
जागरण संवाददाता, इटावा। कानपुर शहर के शिवा कालोनी में बीएसएनएल से रिटायर्ड महिला अधिकारी के घर हुई करीब 30 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने बुधवर को तीन माह बाद खुलासा कर दिया है। घर में ही काम करने वाली नौकरानी ने दूध की बाल्टी का सहारा लेकर सारे जेवरात पार कर दिए थे।
चौंकाने वाली बात यह है कि नौकरानी ने चोरी के जेवर बेचकर मिली रकम का बड़ा हिस्सा इंस्टाग्राम पर बने अपने प्रेमी के खातों में ट्रांसफर कर दिया। पुलिस ने बुधवार को नौकरानी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की रकम में से 77,600 रुपये बरामद किए हैं।
शिवा कालोनी भूप उत्सव गार्डन के पास रहने वाली मिथलेश सक्सेना बीएसएनएल में अभियंता पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके पति बिजली विभाग से सेवानिवृत्त एसडीओ हैं। बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते हैं और उनकी इकलौटी बेटी की शादी शहर के नौरंगाबाद मुहल्ले में हुई है।
नौ फरवरी को चोरी का पता चला
पीड़िता दंपती के अनुसार 9 फरवरी को उन्हें एक शादी समारोह में जाना था, जेवर पहनने के लिए उन्होंने जब लाकर खोला तो उसमें रखे उनके कीमती जेवर गायब देख उनके होश उड़ गए। जिसमें 4 सोने की चूड़ी, 3 कीमती हार, 2 मंगलसूत्र, एक चैन, अंगूठी के अलावा चांदी की पायल आदि जिनकी कीमत लगभग 30 लाख के आसपास होगी। दंपत्ति ने उसी दिन जेवरात चोरी के संबंध में सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
खबरें और भी
छह महीने से कर रही थी काम
थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की, तो घर में पिछले 5-6 महीने से काम कर रही नौकरानी रुचि पुत्री ज्वाल सिंह निवासी नगला उदई, थाना सिविल लाइंस पर शक की सुई घूमी। क्योंकि वह चोरी की घटना के कुछ दिन बाद ही अचानक काम छोड़ गई थी। उसे पूछताछ के लिए बुलाया तो वह घर से भाग निकली। इस पर शक और अधिक गहरा हो गया।
यहां से नौकरानी पकड़ी गई
बुधवार को नौकरानी के भागने की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की और आईटीआई स्थित आगरा रोड सिया देवी हॉस्पिटल के पास से उसे दबोच लिया। पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया छह माह से वह बुजुर्ग दंपत्ति के यहां काम कर रही थी। कीमती गहने देख उसकी नियत बिगड़ गई थी।
इंस्टाग्राम प्रेमी की तलाश
दंपती को उस पर विश्वास था, उसने इसका फायदा उठाकर दिसंबर से जनवरी के बीच धीरे-धीरे सारे जेवरात चोरी कर उसे दूध की बाल्टी में छिपाकर जाती रही और सुनार को बेचकर मिली रकम का इस्तेमाल अपने निजी कार्याें के साथ इंस्टाग्राम प्रेमी अमनप्रीत के खातों में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस अब इस मामले में चोरी के जेवर खरीदने वाले सुनार और धोखाधड़ी कर रकम ऐंठने वाले इंस्टाग्राम प्रेमी की तलाश में जुट गई है।
आधे से भी कम दाम में बेच डाले जेवरात, 7 लाख इंस्टाग्राम आशिक को भेजे
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित नौकरानी रुचि ने चुराए गए करीब 30 लाख रुपये की कीमत के इन जेवरातों को शहर के एक सुनार को महज आधे से भी कम दाम में बेच दिया था। इस रकम में से पुलिस ने रुचि के घर से 77,600 रुपये उसकी गिरफ्तारी के बाद नकद बरामद किए हैं। रुचि ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत अमनप्रीत नाम के एक युवक से होती थी। धीरे-धीरे वह उसके प्रेम जाल में फंस गई। अपने इसी इंस्टाग्राम प्रेमी के साथ घर बसाने एवं उसकी मांग पूरी करने के लिए उसने जेवर बेचकर मिली रकम में से करीब 7 लाख रुपये अमनप्रीत के बैंक खातों में विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।