अवैध संबंध में खून से रंगे हाथ! इटावा में प्रेम प्रसंग में पति की हत्या, पत्नी हिरासत में
इटावा के तोड़ा गांव में 35 वर्षीय आनंद राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने ...और पढ़ें
-1783943795766_m.webp)
जागरण संवाददाता, इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम तोड़ा में रविवार देर रात 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी पहचान आनंद राजपूत पुत्र सुघर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक नामजद युवक समेत आधा दर्जन लोगों पर घर में घुसकर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उनका दावा है कि घटना के समय आनंद की पत्नी छत पर सो रही थी। पत्नी आशिकी के शोर मचाने पर पास में रहने वाले परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में आनंद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आनंद के भाई प्रीतम का आरोप है कि आनंद की पत्नी का गांव के ही युवक शिवम से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब छह माह पहले इसकी जानकारी होने पर शिवम के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में वह दुष्कर्म के आरोप में जेल भी गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आनंद की हत्या की गई।
आनंद प्लॉटिंग और ईंट-भट्ठे के कारोबार में साझेदारी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी, 10 वर्षीय बेटी छवि, 9 वर्षीय बेटे अभि और तीन वर्षीय बेटी दुर्गा को छोड़ गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक की पत्नी आशिकी को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिस युवक का नाम सामने आया है, वह पूर्व में दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है।