इटावा: बेटे की सरकारी नौकरी बता लड़की वालों को झांसे में लेकर शादी में खर्च कराए 45 लाख, फिर ऐसे खुली पोल
इटावा के एक परिवार ने कानपुर के पिता-पुत्र व मां पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बेटे की फर्जी सरकारी नौकरी बताकर शादी तय की।
शादी में लड़की पक्ष के 45 लाख रुपये खर्च हुए।
न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज।
संवाद सूत्र, इटावा। लवेदी के टकरूपुरा के रहने वाले एक परिवार ने कानपुर नगर के रहने वाले पिता-पुत्र व मां के विरुद्ध धोखाधड़ी व जालसाजी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि बेटे को नगर निगम कानपुर में सरकारी कर्मचारी बताकर शादी तय की और विवाह में 45 लाख रुपये खर्च कराया।
शादी के बाद पोल खुलने पर लड़की पक्ष ने अपर सिविल जज प्रथम न्यायालय के आदेश पर दामाद, सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
मूल रूप से लवेदी के टकरूपुरा गांव निवासी सुनीत कुमार शहर के पंजाबी कालोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि कानपुर नगर के कल्याणपुर स्थित केशवपुरम निवासी योगेंद्र कुमार चतुर्वेदी के पुत्र अभिनव चतुर्वेदी से उनकी पुत्री का विवाह तय हुआ था। आरोप है कि रिश्ता तय करते समय योगेन्द्र चतुर्वेदी ने बेटे अभिनव के सरकारी सेवा में कार्यरत होने की जानकारी दी थी।
इन जानकारियों पर विश्वास करके उन्होंने विवाह दिसंबर 2025 में किया। शादी में नकदी, आभूषण, घरेलू सामान और अन्य खर्चों को मिलाकर करीब 45 लाख रुपये खर्च हुए। बाद में अभिनव की नौकरी फर्जी निकली और वह बेरोजगार था। न्यायालय के आदेश पर 20 अक्टूबर को थाना लवेदी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) यानि धोखाधड़ी और बेईमानी के तहत अभिनव चतुर्वेदी, उनके पिता योगेंद्र कुमार चतुर्वेदी और मां ज्योति चतुर्वेदी पर मुकदमा दर्ज किया।
मामले की जांच टकरूपुरा पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र चौधरी को सौपी गई है। थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों आरोपित कानपुर के रहने वाले हैं, जबकि शिकायतकर्ता पंजाबी कालोनी इटावा में रहते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।