इटावा में पुरैला गांव के किसानों की जमीन का सर्किल रेट बढ़ा, लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण में जमीन यूपीडा खरीदेगा
पुरैला गांव के किसानों को लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु सर्किल रेट में बड़ी राहत मिली है। अब सामान्य जमीन का रेट 18 लाख से 25 लाख और सड़क ...और पढ़ें

HighLights
पुरैला गांव के किसानों को सर्किल रेट में बड़ी राहत मिली
लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का रास्ता अब साफ
किसानों को अब चार गुना अधिक मुआवजा प्राप्त होगा
संवाद सूत्र, ऊसराहार (जागरण)। पुरैला के किसानों को बड़ी राहत मिली है। जमीन का सर्किल रेट सात लाख से लेकर तेरह लाख प्रति हेक्टेयर तक बढ़ाया गया है। सर्किल रेट बढ़ने के बाद अब लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण में भूमि अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है।
ताखा क्षेत्र के पुरैला गांव के किसानों को आखिरकार लंबे संघर्ष के बाद बड़ी राहत मिल गई। प्रशासन द्वारा सर्किल रेट में बढ़ोतरी किए जाने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। अब लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले काफी समय से पुरैला गांव के किसान सर्किल रेट बढ़ाने की मांग को लेकर प्रशासन के साथ लगातार वार्ता कर रहे थे।
इस संबंध में कई बार चौपाल और बैठकों का आयोजन हुआ, लेकिन किसान कम दर पर अपनी जमीन देने को तैयार नहीं थे। किसानों का कहना था कि आसपास के गांवों, विशेष रूप से कुदरैल के बराबर उन्हें भी मुआवजा मिलना चाहिए। जब प्रशासन ने प्रारंभ में सर्किल रेट बढ़ाने से इन्कार कर दिया तो किसानों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और हाईकोर्ट में अपील दाखिल की। इसके बाद प्रशासन ने अपने रुख में नरमी दिखाई और किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शासन को नया प्रस्ताव भेजा। शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब बढ़ा हुआ सर्किल रेट गुरुवार से लागू कर दिया जाएगा।
किसान लाल जी राठौर ने बताया अब किसानों को सामान्य रेट जो 18 लाख प्रति हेक्टेयर था उसे बढ़ाकर पच्चीस लाख किया गया है, जबकि सड़क किनारे बाली जमीन का रेट अब 32 लाख से बढ़ाकर 45 लाख प्रति हेक्टेयर किया गया है। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा मुआवजा मिलेगा। एसडीएम श्वेता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरैला गांव का सर्किल रेट सात लाख रुपये बढ़ाया गया है। सर्किल रेट में बढ़ोतरी की खबर मिलते ही किसानों में खुशी का माहौल देखने को मिला।