यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फोन और सिम बदला... Cyber Cell से भी की शिकायत, साइबर ठगों से परेशान होकर सरकारी कर्मचारी ने की आत्महत्या
UP Cyber Crime इटावा में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत शर्मा ने साइबर ठगों की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। उन्हें नग्न ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, इटावा। साइबर ठगों की ब्लैक मेलिंग से त्रस्त होकर स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत शर्मा उम्र 37 वर्ष पुत्र नत्थी लाल शर्मा ने शहर के छैराहा स्थित अपने घर के बाथरूम में मंगलवार की रात्रि आठ बजे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्हें मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वह पिछले एक साल से साइबर ठगों द्वारा उनकी नग्न फोटो वायरल कर देने की धमकी से तनावग्रस्त थे। उनकी उदी स्वास्थ्य केंद्र पर वर्ष 2014 से तैनाती थी। मूल रूप से वे ग्राम नहटोली थाना जैतपुर जनपद आगरा के रहने वाले थे। दोपहर बाद वे स्वास्थ्य केंद्र से अपनी ड्यूटी करके घर आए थे। मंगलवार को भी उनसे एक लाख रुपये की मांग साइबर ठगों द्वारा की गई थी।
साइबर ठगों ने अकाउंटर कर लिया था हैक
प्रशांत शर्मा की भांजी दीक्षा त्रिपाठी ने जिला अस्पताल में बताया कि मामा को साइबर ठगों द्वारा ब्लैक मेल किया जा रहा था। उनका अकाउंट बगैरह हैक कर लिया था और लगातार नग्न फोटो भेजने की धमकी देता था। एक साल से उन्हें परेशान किया जा रहा था।
उन्होंने करीब ढाई से तीन लाख रुपये साइबर ठगों को दे दिए थे। इस संबंध में साइबर सेल से शिकायत भी की गई थी उसमें कुछ रुपये वापस भी मिल गए थे लेकिन मामा काफी तनाव में थे और यह बात उन्हें घर के लोगों को बतायी भी थी। इसी कारण उन्होंने खुदकुशी की है।
खबरें और भी
फोन और सिम भी बदला
10 दिन पहले उन्होंने अपना फोन व सिम भी बदल दिया था। उनकी पत्नी प्रीति व दो पुत्र अथर्व 11 वर्ष, प्रत्यक्ष आठ साल और पिता नत्थी लाल शर्मा घर में ही थे।

सीएमओ डॉ. गीताराम ने बताया कि प्रशांत शर्मा जिला अस्पताल में मृत अवस्था में पहुंचे। उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। किस कारण से खुदकुशी की यह अभी पता नहीं चल सका है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य होंगे उसमें कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने कहा था चिंता मत करना बेटा
पिता नत्थी लाल शर्मा ने बताया कि बेटे के साथ साइबर फ्रॉड हुआ था। उसके ढाई लाख रुपये चले गए थे। वह एक माह से उसके पास ही रह रहे थे। उन्होंने उसे पांच लाख रुपये अपने पास से भी दिए थे और चिंता न करने को कहा था।
मंगलवार को उसके पास एक फोन आया था कि एक लाख रुपये जमा करो उससे वह तनाव में था। दीपावली के आसपास उसके अकाउंट से 67800 रुपये गए थे उसके बाद साइबर सेल में शिकायत की गई थी तो 24800 रुपये वापस आ गए थे। पुलिस ने जांच भी की थी। मंगलवार को छैराहा स्थित एक परिवार में शादी थी। प्रशांत शाम को घर का सामान लेकर आए थे और सभी को शादी में जाना था।