सेंट मैरी की 12वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, पिता स्कूल में डांस टीचर
इटावा के सेंट मैरी स्कूल की 12वीं की छात्रा एल्ड्रीना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ...और पढ़ें

बेटी की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस पर विलाप करता पिता अजय पिपल। जागरण
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित सेंटमैरी स्कूल के डांस टीचर की बेटी का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, केरल निवासी हाल पता शिवा कालोनी सिविल लाइन निवासी अजय पीपल सेंटमेरी स्कूल में डांस टीचर है। उनकी 19 वर्षीय बेटी एल्ड्रीना भी उसी विद्यालय में कक्षा 12 में पढ़ती थी। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। स्वजन ने उसे नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. राघवेंद्र ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचे स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले जाने लगे। इस पर अस्पताल स्टाफ ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता विद्यालय में डांस टीचर हैं। परिवार में वह दो भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के बाद मां नीना का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
थाना प्रभारी केके मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।