Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सैफई थाना से महज 100 मीटर दूरी पर वारदात, देर रात युवक को मारी गोली

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 02:26 PM (IST)

    सैफई में पुरानी रंजिश के चलते थाना से महज 100 मीटर दूर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल प्रवीण कुमार ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदम ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा)। थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर सोमवार देर रात एक बार फिर गोलियां चलीं और गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। खास बात यह है कि घायल युवक खुद थाने पहुंचा, जिसके आधार पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वह पहले भी इसी रंजिश में मुकदमा दर्ज करा चुका है और उस पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। थाने के आसपास ही लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


    ग्राम बघूईया निवासी प्रवीन कुमार (28) पुत्र हरिओम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 10:50 बजे वह सेट जी कंपलेक्स के पास अपनी कार से उतर रहा था। तभी सफेद अपाचे व दो पल्सर बाइकों पर सवार पांच लोग वहां पहुंचे और उसे घेर लिया।

    आरोप है कि रानू उर्फ भोकली निवासी नगला बिहारी थाना करहल मैनपुरी, टीटू निवासी अलीपुर थाना कुर्रा मैनपुरी, शिवम निवासी नगला टिन थाना करहल मैनपुरी, रवि बजरंग निवासी नगला केसरी थाना सैफई व नीरज यादव निवासी नगला चिरौंजी थाना करहल जिला मैनपुरी ने उस पर तमंचों से कई राउंड फायर किए। फायरिंग के दौरान एक गोली उसकी लेफ्ट साइड में कमर के ऊपर जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद वह किसी तरह थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

    पुलिस ने प्रवीन कुमार की तहरीर पर पांचों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल का उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर के बी वार्ड में इलाज चल रहा है। पीड़ित ने तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपितों द्वारा उस पर पहले भी जानलेवा हमला किया जा चुका है, जिसका मुकदमा सैफई थाने में दर्ज है। 

    पुरानी फायरिंग से जुड़ा विवाद

    इस घटना की कड़ियां 16 जनवरी 2026 को सैफई रोडवेज बस स्टैंड पर हुई फायरिंग से जुड़ती हैं। उस दिन शाम करीब पांच बजे पुराने विवाद को लेकर पहले मारपीट हुई, इसके बाद तमंचे से फायरिंग कर अभिषेक उर्फ प्रिया (20) निवासी चौबेपुर थाना सैफई को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। गोली बाईं कमर के ऊपर लगी थी और उसे भी उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इस मामले में प्रवीन कुमार ही वादी था। उसने तहरीर देकर आशीष भोकाली, गौतम, रवि, टीटू, अंकित समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। ताजा वारदात और पूर्व की घटना एक ही रंजिश से जुड़ी मानी जा रही है। दोनों घटनाएं थाना क्षेत्र के आसपास ही हुई हैं, जिससे आरोपितों के बढ़े मनोबल और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

    खबरें और भी

    पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

    लगातार हो रही वारदातों के बीच यह सवाल खड़ा है कि पूर्व में दर्ज मुकदमों में क्या सभी आरोपी जेल भेजे गए थे। यदि कार्रवाई हुई, तो फिर दोबारा इस तरह की घटना कैसे हुई। सीओ केपी सिंह ने बताया कि घटना में नामजद सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पूर्व की घटनाओं की समीक्षा कराकर आवश्यक सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।