2027 के चुनाव में सभी सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस, सपा से गठबंधन पर क्या बोले अजय राय?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने फर्रुखाबाद में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बात की। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने दोपहर को पार्टी कार्यकर्ताओं के यहां आकर दिवंगत स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है।
गठबंधन पर निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व को लेना है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर करारे प्रहार भी किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर स्कूलों में लूट हो रही है। स्थिति यह है कि रक्षा मंत्री से शिकायत करने पर पुलिस ने पीड़ित को ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय सोमवार दोपहर 2:50 बजे पार्टी के नेता शुभम तिवारी के नाला सिम्तुसुमाल स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने शुभम की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। अजय राय ने कहा कि पार्टी संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश की सभी सीटों पर संगठन मजबूत कर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है।
समाजवादी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर निर्णय पार्टी नेतृत्व लेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से कुछ युवक दारोगा भर्ती परीक्षा में हुई धांधली की शिकायत करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें शांतिभंग में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। बेसहारा मवेशियों की स्थिति खराब है, गोशालाओं में मवेशियों की मौत हो रही है।
महंगाई बढ़ गई है, सभी बड़े स्कूलों में भाजपा के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। भाजपा के इशारे पर ही स्कूलों में लूट चल रही है।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व शहर महामंत्री प्रमोद जैन के निधन पर मुहल्ला सुतहट्टी स्थित आवास पर जाकर पुत्र दृवित जैन व अन्य स्वजन से भेंट की। वहां मीडिया कर्मियों की ओर से किए गए सवाल के जवाब में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर निशाना साधा।
आरोप लगाया कि संघ का आजादी आंदोलन में कोई योगदान नहीं था। इसके अलावा उन्होंने महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष अनुपमा शर्मा के मुहल्ला साहबगंज नारायनदास स्थित आवास पर जाकर उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें- नोएडा में औद्योगिक श्रमिकों के हिंसात्मक आंदोलन को लेकर भाजपा पर हमलावर विपक्ष
मुहल्ला साहबगंज चौराहा स्थित क्रांतिकारी स्व. रामनारायण आजाद के आवास पर उनके पौत्र बाबी दुबे व अन्य स्वजन से भेंट की। पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, अर्चना राठौर, जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा हनी, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, भाकियू भानू गुट के जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह राठौर, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।