Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी का जश्न.....और दूल्हन के जीजा को लगी गोली, फर्रुखाबाद में द्वारचार के वक्त हर्ष फायरिंग में बाउंसर की राइफल से चली गोली

    Updated: Fri, 24 Apr 2026 04:02 PM (IST)

    कायमगंज में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान दूल्हन के जीजा के भाई गौरव सक्सेना को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें कानपुर रेफर किया गया है औ ...और पढ़ें

    HighLights

    1. शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से दूल्हन के जीजा घायल।

    2. बाउंसर की राइफल से चली गोली, युवक कानपुर रेफर।

    3. पुलिस ने वीडियो फुटेज देखे, एफआईआर दर्ज होगी।

    संवाद सहयोगी, कायमगंज (फर्रुखाबाद)। प्रतिबंध के बावजूद वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग की जा रही है। कायमगंज के एक गेस्ट हाउस में चल रहे वैवाहिक समारोह में चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी के महासचिव के साथ आए बाउंसर ( निजी सुरक्षा कर्मी) ने रायफल से हर्ष फायरिंग कर दी। इससे गोली दुल्हन के बहनोई के भाई की पीठ में जा लगी।

    खून से लथपथ युवक जमीन पर गिर पड़ा तो विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और महासचिव बाउंसरों समेत फरार हो गया। घायल युवक को उसके स्वजन कानपुर में गुरुदेव चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंग होम में ले गए। घटना के बाद कोतवाली प्रभारी गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां घटना के संबंध में पूछताछ की। वहां फोटोग्राफर से वीडियो फुटेज भी देखे। घायल के भाई ने घटना का मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर उसके भाई को गोली मार दी।

    Celebratory Firing Gone Wrong in Farrukhabad

    कैमरे में फुटेज देखते पुलिसकर्मी। जागरण

    गुरुवार रात मुहल्ला पटवन गली स्थित परमानंद बगीची मैरिज होम में हिंदू नेता प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना का शादी समारोह चल रहा था। रात करीब 11 बजे द्वारचार के समय पांडाल के पास एक बाराती अपनी रायफल से हर्ष फायरिंग करने लगा। तीन फायर करने के बाद उसकी रायफल गिरने से गोली चल गई। यह गोली करीब 20 मीटर दूर पर खड़े दुल्हन के बहनोई राहुल सक्सेना के भाई शमसाबाद के मुहल्ला बाजार कला निवासी 35 वर्षीय गौरव सक्सेना के पीठ में गोली लग गई। जिससे खून से लथपथ गौरव सक्सेना वहीं गिर पड़े।

    घटना के बाद वैवाहिक समारोह में भगदड़ मच गई। घायल युवक को लोग सीधे फर्रुखाबाद में प्राइवेट हास्पिटल ले गए। मामला गोली लगने का देख अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इस वह लोग गौरव सक्सेना को कानपुर के गुरुदेव चौराहे पर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। उधर घटना के बाद कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल, चौकी प्रभारी अंकुर भाटी फोर्स के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे, लेकिन तब तक हर्ष फायरिंग करने वाला बाराती और उसके साथी भाग चुके थे।

    खबरें और भी

    कुछ लोगों ने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए उरई जालौन निवासी पुरुषोत्तम सक्सेना वर पक्ष की ओर से आए थे। उनके साथ कुछ राइफलधारी बाउंसर भी थे। उनमें से एक बाउंसर ने हर्ष फायरिंग की थी। दूल्हे के पिता प्रदीप सक्सेना ने बताया कि वह घटना के समय द्वारचार करा रहे थे। बैंड बज रहा था, इस कारण हर्ष फायरिंग की आवाज सुनाई नहीं दी। जब उनके पास खड़े गौरव की पीठ में गोली लगी, तब फायरिंग की जानकारी हुई।

    पुरुषोत्तम सक्सेना लोकजनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और उनकी भांजी के पति (भानज दामाद) हैं। दोपहर बाद घायल गौरव के भाई राहुल ने मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा कि पुरुषोत्तम सक्सेना व उनके साथी हर्ष फायरिंग कर रहे थे, उनके भाई गौरव ने विरोध किया तो उन लोगों ने आक्रोशित होकर उनके भाई के गोली मार दी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में एफआइआर दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस पकड़ से दूर हर्ष फायरिंग का आरोपित

    हर्ष फायरिंग किए जाने पर रोक है। इसके बावजूद लोग हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं । पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने का भी मुख्य कारण है। विगत दिनों राजेपुर क्षेत्र में तिलकोत्सव कार्यक्रम के बाद भाई ने फायर किया तो गोली उसके भाई के जा लगी थी। इस मामले का आरोपित पुलिस पकड़ से दूर है। पुलिस का दावा है कि उसकी तलाश की जा रही है। वह घर से भागा हुआ है।

    • राजेपुर के गांव चाचूपुर जटपुरा निवासी भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष आदित्य राजपूत का 15 अप्रैल की रात को तिलकोत्सव था। तिलकोत्सव के बाद लोग खाना खा रहे थे। तभी रात 10:30 बजे हर्ष फायरिंग कर दी गई। इस दौरान खाना खा रहे आदित्य के बड़े भाई 35 वर्षीय विपिन कुमार राजपूत के सीने में गोली लग गई थी। इस मामले में दारोगा श्याम बाबू ने गोली से घायल विपिन के छोटे भाई भोला उर्फ सुदीप के खिलाफ तमंचे से फायर करने का मुकदमा दर्ज कराया था। अभी तक पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
    • कमालगंज के ग्राम पंचायत नथुआपुर के मजरा उमराव नगला निवासी निवासी अंजुल यादव के पुत्र के अन्नप्राशन संस्कार की दावत 5 दिसंबर 2025 की शाम को चल रही थी। तभी हर्ष फायरिंग कर दी गई थी। जिससे गोली लगने से अंशू की मौत हो गई थी।

    राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश विश्वकर्मा ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने का आरोपित घर से भागा हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।