UP Police की संवेदनहीनता...जम्मू-कश्मीर से फर्रुखाबाद लाया जा रहा शव रास्ते से लौटाया
जम्मू-कश्मीर में एक महिला की मौत के बाद पति शव लेकर फर्रुखाबाद आ रहा था। पिता द्वारा हत्या का आरोप लगाने और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को अलीगढ़ से ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, कायमगंज(फर्रुखाबाद)। जम्मू कश्मीर में रह रही महिला की मौत हो गई। पति शव लेकर अपने गांव के लिए निकला। वह अलीगढ़ तक पहुंचा, तभी महिला के पिता ने हत्या का आरोप लगाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग रख दी। कायमगंज थाने के दारोगा ने कार्रवाई से बचने के लिए शव जम्मू-कश्मीर वापस ले जाकर पोस्टमार्टम कराने को कहा। अब वह शव लेकर अलीगढ़ से दोबारा जम्मू कश्मीर जा रहा है।
गांव लुधइया निवासी अशोक कुमार जाटव के पुत्र दीपू जाटव जम्मू कश्मीर के सांभा में टाइल्स फैक्ट्री में काम करते हैं। डेढ़ माह पहले दीपू पत्नी किरन को लेकर जम्मू कश्मीर चले गए थे। शनिवार को किरन की मौत हो गई। जम्मू कश्मीर के सांभा थाने की पुलिस ने जांच की। वहां के थाना प्रभारी ने किरन के पिता नन्हेंलाल से फोन पर बात की। नन्हेंलाल ने कार्रवाई करने से मना करते हुए दामाद को पुत्री का शव देने की बात कही। जिस पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद पति को किरन का शव सिपुर्द कर दिया।
शनिवार देर रात दीपू व अन्य सहयोगियों के साथ किरन का शव लेकर गांव के लिए रवाना हुए। रविवार सुबह नन्हेंलाल पुत्री किरन की ससुराल लुधइया पहुंचे और पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर 112 पुलिस व कायमगंज कोतवाली के दरोगा ज्ञान प्रकाश पांडेय जांच करने लुधइया पहुंचे। नन्हेंलाल ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई जम्मू कश्मीर में होने की बात कही।
स्थानीय पुलिस ने जम्मू कश्मीर के सांभा थाना प्रभारी से बात कर उन्हें पिता के आरोपों से अवगत कराया। इस दौरान रविवार दोपहर 12 बजे दीपू पत्नी किरन का शव लेकर जनपद अलीगढ़ आ चुके थे। पुलिस द्वारा कार्रवाई से बचने को उसे समझाकर किरन के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए वापस जम्मू कश्मीर जाने को कहा। जिस पर वह शव लेकर वापस जम्मू कश्मीर चले गए। पति ने बताया कि पत्नी की मौत बीमारी से हुई है। हत्या की बात गलत है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रकरण जम्मू कश्मीर का है। स्वजन बता दिया गया है कि पोस्टमार्टम व अन्य कार्रवाई जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा की जाएगी।