फर्रुखाबाद में 25 हजार का इनामी गोकशी का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
फर्रुखाबाद में 25 हजार के इनामी गोकशी के मुख्य आरोपित चांद मियां को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ...और पढ़ें

मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। 29 जून को पकड़े गए गोकशी के मामले में फरार चल रहा 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपित रविवार शाम पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पूछताछ के बाद देर रात पुलिस गोकशी करने के हथियार बरामद करने के लिए उसे ले गई तो वहां मौका पाकर उसने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया।
इससे सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली आरोपित के पैर में लगी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किए जाने पर डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विगत 29 जून को हिंदू संगठन की ओर से की गई शिकायत पर पुलिस ने कटरा रहमत खान व मऊ रसीदाबाद गांव के बीच स्थित केले के खेत में गोकशी का मामला पकड़ा था।
पुलिस आते देख गोकशी कर रहे लोग भागने में सफल हो गए थे। पुलिस ने गोमांस बरामद कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस जांच में गांव कटरा रहमत खान निवासी रफीक अहमद, गांव अताईपुर जदीद निवासी सलीम खान, अताईपुर के मुहल्ला खटकों निवासी सिमरती व उसके पुत्र चंदा उर्फ चांद मियां के नाम सामने आए।
दो जुलाई को पुलिस ने रफीक अहमद, सलीम खान, सिमरती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चांद मियां हाथ नहीं लगा तो उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रविवार शाम करीब आठ बजे पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया।
देर रात तक हुई पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। उसके बताने पर गोकशी में उपयोग होने वाले हथियार बरामद करने के लिए कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ल, चौकी प्रभारी अंकुर भाटी फोर्स के साथ उसे गांव मीरपुर व कलाखेल के बीच स्थित झाड़ियों के पास ले गए।
वहां उन हथियारों के बीच चांद मियां ने तमंचा भी छुपा रखा था। चांद मियां झाड़ियों के अंदर से गोकशी के हथियार निकलने लगा, तभी उसने तमंचा निकाल कर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इससे सिपाही प्रवीण कुमार के हाथ में गोली लगी।
खबरें और भी
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली चांद मियां के बाएं पैर में पीछे से घुटने के नीचे लगी। इससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल चांद मियां और सिपाही प्रवीण कुमार को रात 1:30 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र बहादुर में दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कर डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपित द्वारा फायर किए जाने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया था।
इससे गोली चांद मियां के बाएं पैर में लगी है। चांद मियां पर गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस पर हमला करने पर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा उस पर एक चोरी व तमंचा रखने का मुकदमा भी पहले से दर्ज है।