Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्रुखाबाद में बाइक सवार स्नेचर्स का आतंक, पिता के साथ जा रही महिला से चेन स्नेचिंग

    Updated: Sun, 22 Mar 2026 06:00 PM (IST)

    फर्रुखाबाद में एक महिला से बाइक पर जाते समय सोने की चेन और कुंडल छीन लिए गए। कन्नौज निवासी जाहर सिंह अपनी बेटी वंदना के साथ ससुराल जा रहे थे, तभी मोहम ...और पढ़ें

    पीड़ित वंदना, घटनास्थल पर लगी भीड़ और पड़ी बदमाश की बाइक। जागरण

    पीड़ित वंदना, घटनास्थल पर लगी भीड़ और पड़ी बदमाश की बाइक। जागरण

    HighLights

    1. फर्रुखाबाद में बाइक सवार बदमाशों ने महिला से जेवर छीने।

    2. पिता-पुत्री बाइक से जा रहे थे, तभी घटना हुई।

    3. बदमाश बाइक छोड़कर भागे, पुलिस जांच में जुटी।

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। पुत्री को ससुराल छोड़ने जा रहे वरिष्ठ नागरिक की बाइक के बराबर में बदमाशों ने अपनी बाइक लगाकर महिला के गले से झपट्टा मारकर चेन व कानों से कुंडल लूट लिए। झपट्टा मारने पर दोनों बाइकें असंतुलित होकर सड़क किनारे गेंहू के खेत में गिर गईं। महिला के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश बाइक छोड़कर मौके से भाग गए।

    बदमाशों की काले रंग की अपाचे बाइक में नंबर प्लेट नहीं थी। महिला के बैग से जेवर मिलने पर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। बाइक के चेचिस व इंजन नंबर के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

    जनपद कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र के गांव भटपुरी निवासी वरिष्ठ नागरिक जाहर सिंह यादव रविवार दाेपहर अपनी पुत्री वंदना को उसकी ससुराल मेरापुर क्षेत्र के गांव कोकापुर बाइक से जा रहे थे। 3:15 बजे मोहम्मदाबाद-ताजपुर मार्ग पर नहरिया गांव के निकट शांति मैरिज हाल के पास पीछे से काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश आए और चलती बाइक पर वंदना के गले में पड़ी सोने की चेन व कान के कुंडल पर झपट्टा मारा।

    झपट्टा मारते ही दोनों बाइके असंतुलित होकर सड़क के किनारे गेहूं के खेत में गिर गईं। वंदना के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की तरफ भागे। लोगों को आते देख लुटेरे बाइक छोड़कर गांव हैदरपुर की ओर भाग गए। जाहर सिंह ने 112 नंबर पुलिस को फोन किया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा व एसओजी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।

    खबरें और भी

    पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस पिता-पुत्री को कोतवाली ले आई। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने वंदना व उनके पिता जाहर सिंह से घटना के संबंध में जानकारी ली।

    वंदना का दावा है कि बदमाश करीब तीन लाख रुपये के जेवर लूट ले गए। वंदना ने बताया कि उनका एक कुंडल ढीला था, इसलिए वह घटनास्थल पर गिर गया। दूसरा कुंडल व गले से झपट्टा मारकर चेन लूटकर बदमाश भाग गए। बैग में जो जेवर रखा है, वह अलग है।

    वंदना के पिता जाहर सिंह ने बताया कि युवकाें की बाइक उनके पास आई तो उनकी बाइक सड़क किनारे खेत में गिर गई। उनके आंख के पास चोट आई है। उन्हें उठने में तीन मिनट का समय लगा। तभी पुत्री ने चेन व कुंडल लूटने की जानकारी दी। वह बाइक सवारों को देख नहीं सके।

    अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला सिपाही से वंदना के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें एक चेन, दो जोड़ी कुंडल, दो अंगूठी रखी मिली। वंदना के गले व कान में चोट के निशान नहीं मिले हैं। वंदना के पति दिनेश चंद्र यादव को बुलाकर पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जो जेवर वंदना के पास है, वह बैग में सुरक्षित है।

    यूपी 112 पर विवाद होने की सूचना दी गई थी, न कि लूट की। वंदना ने अपने पति को एक्सीडेंट की सूचना दी थी। वंदना बार-बार अपने बयान बदल रही है। इसलिए प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मामला सामने आया है। लूट की घटना संदिग्ध है। बाइक के चेचिस व इंजन नंबर के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है। पिता-पुत्री का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।