फर्रुखाबाद में शादी में हर्ष फायरिंग का विरोध, दुल्हन के बहनोई के भाई को मारी गोली, लोजपा महासचिव समेत 4 गिरफ्तार
फर्रुखाबाद के कायमगंज में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर दुल्हन के बहनोई के भाई को गोली मार दी गई। इस मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (लोज ...और पढ़ें
-1777140074641_m.webp)
जानकारी देते प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ल, साथ में गिरफ्तार आरोपित बाएं से पुरुषोत्तम सक्सेना, दीपू परिहार, कुलदीप व प्रदीप कुमार। जागरण
HighLights
पुलिस ने हूटर लगीं दो गाड़ियां, एक रिवाल्वर व 87 कारतूस किए बरामद
रायफल व अन्य शस्त्रों की बरामदगी के प्रयास, निरस्त होंगे शस्त्र लाइसेंस
संवाद सहयोगी, कायमगंज (फर्रुखाबाद)। विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर दुल्हन के बहनोई के भाई को गोली मार दी गई। आरोपित लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की युवा इकाई के राष्ट्रीय महासचिव व उनके तीन बाउंसरों (निजी सुरक्षा कर्मी) को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से दो एसयूवी कारें, एक रिवाल्वर व बड़ी मात्रा में विभिन्न बोर के कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब रायफल समेत अन्य शस्त्रों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि सभी शस्त्रों का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा।
गुरुवार रात कायमगंज के मुहल्ला पटवन गली स्थित परमानंद बगीची मैरिज होम में प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना की शादी का समारोह चल रहा था। इस दौरान लोजपा महासचिव उरई के स्वर्ग धाम कालोनी निवासी पुरुषोत्तम सक्सेना के साथ आए बाउंसरों ने हर्ष फायरिंग के दौरान शमसाबाद निवासी दुल्हन के बहनोई राहुल सक्सेना के भाई गौरव सक्सेना को गोली मार दी थी। इस मामले में राहुल ने पुरुषोत्तम सक्सेना व उनके साथियों जो बाउंसर के तौर पर असलहों समेत आए थे, उन पर हत्या करने की नीयत से गोली मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार देर रात कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल व उनकी पुलिस टीम ने फर्रुखाबाद मार्ग पर टेड़ीकोन के पास से आरोपित पुरुषोत्तम सक्सेना व विवेचना में प्रकाश में आए उनके साथी जालौन जिला के थाना ऐट के गांव अकोड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उरई के मुहल्ला नया पाठकपुर निवासी दीपू सिंह परिहार व थाना नदीगांव क्षेत्र के गांव अकनीवा निवासी कुलदीप गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने दो कारें, एक रिवाल्वर और विभिन्न बोर के 87 कारतूस व चार शस्त्र लाइसेंस बरामद किए।
खबरें और भी
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपित समझौते का दबाव बनाने के लिए यहां आए थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बताया कि आरोपितों के पास से सिर्फ एक रिवाल्वर मिला है, लेकिन चार शस्त्र लाइसेंस मिले हैं। इससे साफ है कि उनके पास तीन असलहा और थे, जो पहले ही किसी अन्य गाड़ी से भेज दिए गए थे। उन असलहों को भी बरामद कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा।
हर्ष फायरिंग के दौरान गोली मारने के आरोपित लोजपा नेता के खिलाफ उसके गृह जनपद जालौन व झांसी में लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, गैंग्सटर एक्ट, गुंडा एक्ट आदि आरोपों में 13 मुकदमे दर्ज हैं। 14वां मुकदमा कायमगंज कोतवाली में दर्ज किया गया है। ये भौकाल जमाने के लिए हूटर लगीं कई गाड़ियों का काफिला लेकर चलते हैं। कई बाउंसरों को अपने साथ रखते हैं। गाड़ियों में काली फिल्म लगी हैं। राष्ट्रीय महासचिव लिखी नेम प्लेट तथा भारतीय जनता पार्टी व लोक जनशक्ति पार्टी के झंडे भी लगे थे।