फर्रुखाबाद में कादरीगेट-पांचालघाट मार्ग पर गड्ढे में मिला नवजात का शव, सिर नोच ले गए कुत्ते
फर्रुखाबाद के कादरीगेट-पांचालघाट मार्ग पर एक नवजात का शव गड्ढे में मिला, जिसका सिर कुत्तों ने नोच लिया था। पुलिस अवैध प्रसवों के बाद शव फेंके जाने की ...और पढ़ें

HighLights
फेंके जा रहे शिशु के शव, विभाग मौन, जांच के नाम पर खंगाले जाते कैमरे
स्वास्थ्य विभाग व पुलिस शव फेंकने वालों के खिलाफ नहीं कर रही कार्रवाई
स्वर्गधाम में भी कुत्तों का आतंक, अंत्येष्टि में शामिल होने आए दो युवकों को काटा
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। नवजात के शव मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार को बढ़पुर में नर्सिंगहोम के पास एक शिशु का शव फेंका गया था। इस मामले का राजफाश नहीं हो सका कि अब कादरीगेट - पांचालघाट मार्ग पर सड़क किनारे गड्ढे में नवजात बालक का शव फेंक दिया गया। शिशु के सिर का कुछ हिस्सा कुत्ते नोच ले गए। दोपहर को स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तब उन्होंने कुत्तों को भगाया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की।
अवैध प्रसव कराने के बाद नवजात के शव इधर - उधर फेंक दिए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं कर रहा है। रविवार दोपहर दो बजे कादरीगेट - पांचालघाट मार्ग पर सड़क किनारे गड्ढे में नवजात का शव मिला। शिशु के सिर का कुछ हिस्सा कुत्ते नोच ले गए। आसपास के लाेगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
कादरीगेट चौकी प्रभारी केके कश्यप जांच करने मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। विदित है कि शनिवार को बढ़पुर स्थित एक नर्सिंगहोम के पास नवजात का शव मिला था। डिप्टी सीएमओ डा. आरसी माथुर ने बताया कि अवैध प्रसव कराने के बाद नवजात के शव फेंक दिए जाते हैं। पुलिस के सहयोग से सीसी कैमरे दिखवाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि शिशु के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शव फेंके जाने के संबंध में सीसी कैमरे देखे जा रहे हैं।
स्वर्गधाम में कुत्ते ने दो लोगों को काटा, मची अफरातफरी
पांचाल घाट स्थित स्वर्गधाम पर अंत्येष्टि में शामिल होने आए दो लोगों को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। जनपद कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ के मुहल्ला नई बस्ती गंगेश्वर निवासी यशराज भदौरिया व जनपद मैनपुरी के बेवर बस अड्डा के निकट निवासी गुड्डू शर्मा अंत्येष्टि में शामिल होने पांचाल घाट स्थित स्वर्गधाम (श्मशान घाट) आए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अंत्येष्टि के दौरान घाट पर मौजूद एक कुत्ते ने पहले यशराज भदौरिया पर हमलाकर पैर में काट लिया। लोगों ने कुत्ते को भगाया तो उसने पास में ही खड़े गुड्डू शर्मा के पैर में काट लिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल पास में ही स्थित क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार कराने चले गए। नगर पालिका परिषद के ईओ विनोद कुमार ने बताया कि कुत्तों व बंदरों को जल्द पकड़वाया जाएगा।