Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्रुखाबाद में झोपड़ी में लगी आग, बच्ची की जलकर मौत, बचाने के प्रयास में दादी झुलसीं

    Updated: Tue, 26 May 2026 06:47 PM (IST)

    कंपिल के कमरुद्दीननगर में एक झोपड़ी में आग लगने से दो वर्षीय बच्ची की जलकर मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में दादी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्प ...और पढ़ें

    गांव कमरुद्दीन नगर में रोते कुसुम प्रभा के स्वजन। जागरण

    गांव कमरुद्दीन नगर में रोते कुसुम प्रभा के स्वजन। जागरण

    HighLights

    1. ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर पाया काबू, उसके बाद पहुंची दमकल

    2. सीओ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे, घटना के संबंध में की पूछताछ

    संवाद सूत्र, कंपिल(फर्रुखाबाद)। दोपहर में पूरा परिवार झोपड़ी में सो रहा था, तभी उसमें आग लग गई। अफरा-तफरी में सभी लोग निकलकर भागे, लेकिन दो वर्षीय बच्ची उसमें छूट गई। उसकी जलकर मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में बच्ची की दादी गंभीर रूप से झुलस गईं।

    ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर किसी तरह से काबू पाया। उसके बाद दमकल टीम पहुंच सकी। गंभीर रूप से घायल बच्ची की दादी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ, तहसीलदार ने घटना का जायजा लिया।

    मंगलवार दोपहर लगभग 12:30 बजे कंपिल क्षेत्र के गांव कमरुद्दीननगर निवासी उर्वेश यादव अपनी पत्नी सरिता, दो जुड़वा बेटियों दो वर्षीय कुसुम प्रभा व रुद्र प्रभा व साठ वर्षीय मां जदुरानी के साथ झोपड़ी में आराम कर रहे थे। पिता जदुनाथ घर के सामने खड़े पेड़ के नीचे बैठे थे। झोपड़ी के पिछले हिस्से में अज्ञात कारणों से आग लग गई।

    हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। उर्वेश ने एक बेटी रुद्र प्रभा को निकाल लिया। दूसरी बेटी कुसम प्रभा को उनकी मां जदुरानी बचाने के लिए झोपड़ी में घुस गईं। जिससे वह झुलस गईं। कुसुम प्रभा की जलकर मौत हो गई। स्वजन जदुरानी को सीएचसी कायमगंज ले गए।

    खबरें और भी

    प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। आग बुझने के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड गांव पहुंची। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। आग से गृहस्थी का सामान, अनाज, 40 हजार नकदी आदि सामन जलकर नष्ट हो गया।

    सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजन से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्वजन आग लगने का कारण नहीं बता सके। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

     

    यह भी पढ़ें- UP Love Jihad: फर्रुखाबाद के मुस्लिम युवक ने हिंदू बनकर गुजरात की युवती से रचाई शादी, मतांतरण कर दे रहा यातनाएं