Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्रुखाबाद में रिश्तों का कत्ल, नशे में बेटे ने ईंट से कूंचकर वृद्ध पिता को मार डाला

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 05:34 PM (IST)

    फर्रुखाबाद में एक नशेड़ी पुत्र ने सोते हुए अपने 68 वर्षीय पिता रामदास यादव की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी श्याम कुमार यादव ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. नशे में धुत बेटे ने सोते हुए वृद्ध पिता को मारा

    2. पुत्रवधू ने सुबह देखा पिता का शव, पुलिस को सूचना दी

    3. पुलिस ने आरोपी पुत्र श्याम कुमार की तलाश शुरू की

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। नशेड़ी पुत्र ने सोते समय वरिष्ठ नागरिक पिता की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह पुत्रवधू ने ससुर का शव देखा तो वह चीखने लगी। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल में पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।

    मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के लोहिया नगर निवासी 68 वर्षीय रामदास यादव के दो पुत्रों में ललित यादव की पूर्व में मौत हो चुकी है। रामदास रविवार रात ललित के घर के बरामदे में सो रहे थे। तभी रात में किसी समय बड़े पुत्र श्याम कुमार यादव उर्फ रामू ने ईंट से कूंचकर रामदास की हत्या कर दी।

    घटना के बाद श्यामकुमार भाग गया। सोमवार सुबह 7:30 बजे श्यामकुमार की पत्नी ममता जब घर पहुंची, तब उन्होंने ससुर का लहूलुहान हालत में शव देखा। वह शव देखकर चीखने लगी। यूपी 112 पुलिस को सूचना दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ अजय वर्मा, कोतवाल मदनमोहन चतुर्वेदी ने जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।

    स्वजन ने पुलिस को बताया कि वरिष्ठ नागरिक रामदास के पुत्र ललित की मौत हो चुकी है। बड़े पुत्र श्याम कुमार ने पुत्री काजल की शादी सात जुलाई को कंपिल के कटरा में की थी। रविवार सुबह काजल ससुराल से मायके आई थी। तभी श्याम कुमार नई बाइक ले आया और पुत्री से जेवर मांगने लगा। इस पर काजल रविवार शाम को अपनी ससुराल चली गई।

    खबरें और भी

    रात में शराब पीकर आए श्याम कुमार ने पत्नी ममता और 16 वर्षीय पुत्र दीपू, 14 वर्षी पुत्र नीरज को पीट के घर से निकाल दिया। दिवंगत ललित यादव की पत्नी गुड्डी देवी अपने पुत्र सुमित की पत्नी को प्रसव करवाने के लिए रविवार देर शाम को फर्रुखाबाद में किसी अस्पताल ले गई थी। घर पर रामदास ही अकेले थे और वह ललित के घर के बरामदे में सो रहे थे। तभी श्याम कुमार ने उनकी हत्या कर दी।

    अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित श्याम कुमार की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।