उत्तर प्रदेश में अब सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग, ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की सुविधा
उत्तर प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के अधीन संचालित सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को डिजिटल बनाते हुए आम नागरिकों के लिए भी इनका लाभ उठाने का रास्ता खोल दिया है।
नई व्यवस्था के तहत अब सिफारिश या व्यक्तिगत संपर्क के बजाय आनलाइन आवेदन के आधार पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे।
नई प्रणाली के तहत इच्छुक व्यक्ति सर्किट हाउस सूचना प्रणाली की आधिकारिक वेबसाइट guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर कमरा बुक कर सकते हैं। पोर्टल पर रियल टाइम डैशबोर्ड उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से यह देखा जा सकेगा कि किस सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में कितने कमरे खाली हैं।
इससे आवेदन करने से पहले ही उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और अनावश्यक दौड़-भाग कम होगी। बुकिंग के लिए आवेदक को पहचान पत्र या अधिकृत दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना होगा। भुगतान की पूरी प्रक्रिया कैशलेस रखी गई है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल के श्रद्धालुओं से वृंदावन में गेस्ट हाउस संचालक ने की मारपीट, एम्स की प्रोफेसर का हाथ तोड़ा
ऑनलाइन की जा सकेगी बुकिंग
भुगतान होने के बाद आवेदक को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से रसीद उपलब्ध कराई जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार डिजिटल लेजर में सभी लेनदेन का रिकार्ड दर्ज रहेगा और विभागीय मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक केंद्रीकृत डैशबोर्ड के माध्यम से बुकिंग व राजस्व की निगरानी की जा सकेगी। संकिशा स्थित निरीक्षण भवन में दो कमरे उत्तर दिशा में काफी पहले के निर्मित है।
इनके अतिरिक्त दक्षिण दिशा में सात नवीन कमरे पांच वर्ष पूर्व बने है। सभी कमरे ठीक स्थिति में हैं। यहां पर तैनात लोक निर्माण विभाग के मेट ओम शरण दुबे ने बताया कि उनके सहित कुल पांच कर्मचारी तैनात है। जिनमें दो लोगों की ड्यूटी दिन में और दो की रात में रहती है।
खबरें और भी
ऑनलाइन बुकिंग के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर ने बताया कि जनपद में लोक निर्माण विभाग के दो गेस्ट हाउस हैं। इनमें फतेहगढ़ स्थित निरीक्षण भवन में मात्र चार कमरे हैं और यहां अक्सर राजनीतिक व प्रशासनिक अतिथियों के दौरों के कारण कमरे आरक्षित रहते हैं।
इस कारण आम नागरिकों को वहां कमरा मिलना मुश्किल होता है। फिलहाल आम लोगों के लिए संकिशा स्थित गेस्ट हाउस में ही बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रह सकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीआईपी दौरे या प्रशासनिक आवश्यकता की स्थिति में जिलाधिकारी को पहले से स्वीकृत बुकिंग निरस्त करने का अधिकार रहेगा।