'आप हमें गुमराह करते हैं, इसी महीने हटा देंगे', फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टेशन में परिवहन मंत्री ने MD की लगाई क्लास
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टेशन का निरीक्षण किया और घरेलू मार्गों पर बसें न चलने पर एआरएम व एमडी पर नाराजगी जताई। ...और पढ़ें
-1778357534205_m.webp)
पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह की शिकायत पर एआरएम राजेश कुमार से नाराजगी जताते परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। रोडवेज बस स्टेशन पर स्थापित की गई शूरवीर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर परिवहन मंत्री ने शाम को पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन का निरीक्षण किया।
पूर्व विधायक सहित कई भाजपा नेताओं ने घरेलू मार्गों पर बसें संचालित न किए जाने की शिकायत की। इस पर परिवहन मंत्री एआरएम से नाराज हो गए। नई बसें तत्काल मंगवाने के लिए कहा। उन्होंने एमडी को फोन किया और कहा कि आप लोग गुमराह करते हो, इसी माह हटा देंगे।
रोडवेज बस स्टेशन पर शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे पहुंचे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद एआरएम कार्यालय में विभागीय अधिकारियों से बात की। तभी पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह ने शिकायत की कि उनके गांव सुखसेनपुर के लिए फर्रुखाबाद से बस संचालित होती थी। जो बंद करवा दी गई, उन्होंने एआरएम से बात की फिर भी बस नहीं चली।
कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि ने भी ग्रामीण क्षेत्र से बसें संचालित न होने की बात कही। इस पर परिवहन मंत्री ने एआरएम राजेश कुमार से नाराजगी जताई। कहा कि रोडवेज कमाई के लिए नहीं जन सेवा के लिए है।
एआरएम ने कहा कि उनके पास छोटी बसें नहीं हैं। इस पर परिवहन मंत्री ने एमडी को फोन लगा दिया और कहा कि हम नई बसें खरीदने के लिए कहते हैं तो आप लोग कहते हो कि आवश्यकता नहीं है। जब मौके पर आते तो पता चलता है कि बसें पुरानी हैं।
घरेलू मार्गों पर भी बसें संचालित नहीं हो रही हैं। आप लोग हमें गुमराह करते हैं, इसी माह हटा देंगे। इसके बाद परिवहन मंत्री ने कहा कि निगम के पास धन की कमी नहीं है। अधिकारियों में इच्छा शक्ति की कमी है। इसी वजह से समस्या आती है।
खबरें और भी
उन्होंने एआरएम को निर्देश दिया कि बनारस व अयोध्या के लिए तत्काल बसें शुरू कराएं। बसों का शुभारंभ विधायक व जिलाध्यक्ष को बुलाकर करें। लिपिक जितेंद्र सिंह ने बस स्टेशन की पेंटिंग कराने की मांग की। इस पर मंत्री ने प्रस्ताव भेजने के लिए कहा।
मंत्री ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनाए गए चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर व राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने बस स्टेशन का नाम महाराणा प्रताप के नाम से किए जाने की मांग कर ज्ञापन दिया। इस पर मंत्री ने कहा कि नाम बदलने की प्रक्रिया आज से ही शुरू हो गई है।