फतेहपुर में संपत्ति बंटवारे में रिश्तों का कत्ल, बहन की विदाई होती ही बड़े भाइयों ने छोटे को मार डाला
फतेहपुर में संपत्ति बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाइयों ने छोटे भाई पदुम की सरिया से पीटकर हत्या कर दी। बहन की विदाई के बाद विवाद बढ़ा, पुलिस ने ...और पढ़ें

छोटे भाई पदुम की हत्या के आरोपित दशरथ और कमलेश के घर पर सन्नाटा और लगा ताला। जागरण
HighLights
फतेहपुर में संपत्ति बंटवारे को लेकर बड़े भाइयों ने छोटे को मार डाला
दो बड़े भाई, भाभी व साले को बनाया गया आरोपित, सभी हुए फरार
21 जून को थी बहन की शादी, विदाई होने के बाद भी हुआ था विवाद
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। फतेहपुर (Fatehpur) संपत्ति बंटवारे को लेकर सगे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बहन की विदाई होते ही संपत्ति विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाइयों ने छोटे को सरिया से पीटकर मार डाला।
पुलिस ने दिवंगत के दो भाइयों, भाभी व साले के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित भाभी कोमल और भाई कमलेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
21 जून को थी बहन की शादी
असोथर के सरकंडी निवासी भगवानदीन निषाद के सात पुत्र मंगल, दशरथ, महेश, पदुम, छोट्टन, कमलेश व जयकरन थे। दशरथ व कमलेश माता-पिता से अलग मकान बनवा कर रहते हैं, जबकि अन्य के परिवार एक साथ रहते हैं। दो बहनों में एक फूलकुमारी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी माया देवी की 21 जून को शादी थी। 22 जून को विदाई के बाद संपत्ति बंटवारे को लेकर दशरथ व कमलेश में कहासुनी हुई तो रिश्तेदारों ने शांत करा दिया।
पिता जीवित रहते नहीं देना चाहते थे जमीन
मंगलवार सुबह नौ बजे दोनों फिर पिता से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद करने लगे। इसका पदुम ने विरोध किया तो दोनों भाइयों ने उस पर सरिया से वार कर दिए। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी सांसें थम गईं। स्वजन ने बताया कि भगवानदीन के पास 12 बीघा जमीन है। इसके साथ जिला मुख्यालय के राधानगर में एक मकान भी है। हत्यारोपित बेटे दशरथ व कमलेश संपत्ति बंटवारे को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। पिता जीवित रहते किसी को संपत्ति नहीं देना चाहते थे।
पदुम मुंबई में करता था काम
दशरथ गुजरात में नौकरी करता था व होली पर घर आने के बाद वापस नहीं गया। भगवानदीन ने दोनों आरोपित बेटों को बेटी की शादी में भी नहीं बुलाया। बेटों ने इच्छा जताई तो उन्होंने नकारते हुए उपहार देने से भी मना कर दिया था। इसको लेकर भी खुन्नस बढ़ गई थी। दिवंगत पदुम परिवार के साथ मुंबई में रहकर इडली-डोसा का ठेला लगाता था। अपने भाइयों की अपेक्षा उसका काम अच्छा था। वह खुद के साथ माता व पिता को भी आर्थिक मदद करता था।
खबरें और भी
थानाध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि दिवंगत के छोटे भाई छोट्टन की तहरीर पर दशरथ, उसकी पत्नी कोमल, कमलेश, दशरथ के साले लवलेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोमल और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।