Fatehpur Blast: फतेहपुर में आतिशबाज के घर धमाका, पत्नी के चीथड़े उड़े, दूर तक दिखा धुएं का गुबार
फतेहपुर के हथगाम में एक आतिशबाज के घर में भीषण धमाका हुआ, जिसमें उसकी 48 वर्षीय पत्नी नसरीन बानो की ...और पढ़ें

हथगाम कस्बा के इंदिरा नगर मुहल्ले में धमाके के बाद बिखरा मलबा व नसरीन बानों की फाइल फोटो।
HighLights
शरीर के ऊपरी हिस्से का धड़ पड़ोस में खंडहर पर गिरा, दूसरा धड़ छत पर था
शरीर का एक हिस्सा छत पर.. दाहिना हाथ 150 मीटर दूर मिला
विस्फोट से पड़ोसियों के घर क्षतिग्रस्त, एक किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ा धमाका
जागरण संवाददाता, हथगाम (फतेहपुर)। दिवाली के लिए पटाखा बनाते समय कस्बा के इंदिरा नगर मुहल्ले में शनिवार पौने चार बजे करीब आतिशबाज के घर पर हुए तेज विस्फोट से महिला के चीथड़े उड़ गए। विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि महिला का एक हाथ 150 मीटर दूर जा गिरा जबकि धड़ का ऊपरी हिस्सा पड़ोसी के खंडहर में जा गिरा और धड़ के नीचे का हिस्सा छत पर रह गया।
एक किमी. दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। विस्फोट से पड़ोसी दो घरों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। विस्फोट की खबर पाकर एसडीएम अश्वनी पांडेय, एसपी अभिमन्यु मांगलिक व नायब तहसीलदार अमरेश कुमार ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घर में बारूद व पटाखों के कागज बिखरे मिले।
पटाखा निर्माण का लाइसेंस है
हथगाम कस्बा के वार्ड दो इंदिरा नगर मुहल्ले में रहने वाले मोहम्मद रफी अहमद के भाई वसीम के नाम पर आतिशबाजी व पटाखा निर्माण का लाइसेंस है। वसीम अहमद फतेहपुर में रहते हैं। कभी-कभार उनका कस्बा आना-जाना रहता है। भाई मोहम्मद रफी, आतिशबाजी व पटाखा निर्माण का काम देखते हैं।
दो बेटे दरवाजे पर थीं और मां अंदर
शाम साढ़े तीन बजे मोहम्मद रफी व दोनों बेटे शाहबे आलम व निशाद घर से बाहर थे। दो बेटियां, दरवाजे पर बैठी थी और घर के अंदर मोहम्मद रफी अहमद की पत्नी 48 वर्षीय नसरीन बानो थी। पौने चार बजे करीब घर के अंदर हुए तेज धमाके में नसरीन बानो के चीथड़े उड़ गए। घर की दूसरी मंजिल पर बने स्नान घर ढह गया।
छत पर बारूद मिली
छत पर दो फिट से बड़ा गड्ढा हो गया। मोहम्मद रफी व दोनों बेटों ने बताया कि दिवंगत नसरीन बानो छत पर बने स्नान घर में नहाने गई थीं। तभी धमाके में उनके चीथड़े उड़ गए। धमाका किस चीज हुआ, दिवंगत के स्वजन इस बारे में सही जानकारी नहीं दे सके। छत पर बारूद व अनार बनाने के लिए प्रयाेग किए जाने वाले मिट्टी के बर्तन मिले हैं।
टंकी तक ढह गई
पड़ोसी शहीद अहमद व माशूक के घरों के अंदर तक तेज धमाके से नुकसान हुआ। माशूक के घर में इज्जतघर की दीवारों में दरार आ गई। तेज धमाके से घर में रखा फ्रिज टूट गया। माशूक के घर में पानी की टंकी तेज धमाके से ढह गई। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पीड़ित स्वजन से जानकारी लेकर हुए विस्फोट की जांच की जा रही है।
पांच वर्ष पूर्व विस्फोट से पुत्र के झुलसने पर भी नहीं सजग हुआ परिवार
कस्बा के इंदिरा नगर मुहल्ले में लाइसेंसधारक के परिवार में पांच वर्ष पूर्व दिवंगत के बेटे की दुकान पर ही पटाखों का विस्फोट हो जाने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था। जिसके इलाज में काफी पैसा भी खर्च हुआ था। इसके बाद भी परिवार ने सबक नहीं लिया और घर पर बारूद व आतिशबाजी तैयार करने का सामान रखा गया।
पटाखा विस्फोट में कब-कब हुए हादसे और गई जानें
- वर्ष 2019 : सदर कोतवाली के उधन्नापुर में पटाखा विस्फोट से लाइसेंसधारक समेत पांच की मौत
- 24 अक्टूबर 2021 : हथगाम थाने के देवदासपुर में फैक्ट्री में विस्फोट से महिला की मौत, दो झुलसे
- अक्टूबर 2021 : बिंदकी कोतवाली में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट
- 14 अक्टूबर 2022 :थरियांव थाने के हसवा में पटाखा निर्माण फैक्ट्री में विस्फोट
- 5 अक्टूबर 2024 : असोथर थाने के सातोंपीत में विस्फोट से पिता-पुत्र की मौत, भतीजा झुलसा
- 24 अगस्त 2025 : हुसेनगंज थाने के जमरावां में पटाखा विस्फोट से दंपती की जलकर मौत
- 14 सितंबर 2025 : धाता कस्बा में घर में पटाखा विस्फोट से वृद्धा की मौत, दो बच्चे झुलसे
- 29 सितंबर 2025 : कल्यानपुर थाने के रेवाड़ी में पटाखा विस्फोट से तीन की मौत
- 16 फरवरी 2026 : बहुआ में विस्फोट से एक साथ चार लोगों की जान गईं
- 28 सितंबर 2026 : मलवां कस्बा में फल विक्रेता व पटाखा व्यवसायी के घर विस्फोट से पांच मौतें
- 7 नवंबर : हथगाम कस्बा में आतिशबाज के घर पटाखा विस्फोट से महिला की की मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।