फतेहपुर में गोकशी के आरोपी पिता-पुत्र पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल
पुलिस ने फतेहपुर में गोकशी के आरोप में पिता-पुत्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जिसमें एक आरोपित घायल हो गया।
HighLights
फतेहपुर पुलिस ने गोकशी के आरोपित पिता-पुत्र को दबोचा।
मुठभेड़ में एक गोकश के पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती।
आरोपितों से गोकशी के औजार और हथियार बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। खागा कोतवाली व हथगाम थाने की संयुक्त पुलिस फोर्स ने सोमवार रात बुदवन-प्रेमनगर मार्ग के किनारे स्थित ससुर खदेरी नदी पुल से सटे बरकतपुर गांव के जंगल में गोकशों से मुठभेड़ के बाद आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से एक गोकश घायल हुआ है। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली पुलिस को रविवार के दिन सूचना मिली थी कि बुदवन-बरकतपुर गांव के जंगल में गोकशी हाेती है। एक किसान ने दावा किया था कि गोकश उसकी गाय रात में चोरी कर ले गए। जिसकी हत्या करके गोकश मांस निकाल कर अवशेष फेंक फरार हो गए।
पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गोकशों की तलाश शुरू कर दी। रात में खागा कोतवाली व हथगाम थाने की संयुक्त पुलिस फोर्स बुदवन-प्रेमनगर मार्ग पर भ्रमणशील थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि अमांव गांव निवासी तीन गोकश जंगल में घुसने की योजना बना रहे हैं।
पुलिस ने घेराबंदी करके गोकशी के आरोपित सीबू उर्फ शहबाज आलम निवासी अमांव को दबोच लिया। जबकि उसका पिता शहजादे भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो गोकश ने तमंचा से फायरिंग शुरू कर दी।
जंगल के एक किनारे पर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान भाग रहे गोकश के दाहिने पैर में गोली मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित का एक पुत्र पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहा। आरोपितों के पास से पुलिस ने गोकशी में प्रयुक्त हाेने वाले औजार छह चाकू, दो कुल्हाड़ी, एक चापड़, दो पत्थर, गोवंश को बांधने के लिए एक रस्सी तथा एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
सीओ वीर प्रकाश सिंह ने मुठभेड़ वाली जगह का निरीक्षण कर आरोपितों से पूछताछ की। रात में ही घायल गोकश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपितों के बारे में सीओ ने बताया कि इनके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में 13 से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
