फतेहपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा चोर गिरोह, मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
फतेहपुर में मदरी नहर पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ में चोर गिरोह के दो सदस्यों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फतेहपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो चोरों के पैर में गोली लगी।
चोर गिरोह के तीन अन्य सदस्य भी मौके से गिरफ्तार।
गिरोह ने कई थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
संवाद सूत्र, फतेहपुर। मदरी नहर पुलिया के पास बुधवार की भोर पहर पुलिस मुठभेड़ के दौरान चाेर गिरोह के दो सदस्यों के पैर में गोली लगी है। दोनों गोली लगने से घायल हुए हैं। इनके तीन साथियों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि गिरोह ने बिंदकी, बकेवर व चांदपुर थाना क्षेत्र में किराने की दुकानों, नलकूप के केबिल, तार व बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पिछले तीन चार महीने में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। चोरी घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत थी। इन घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी। बुधवार की भोर थाना प्रभारी चांदपुर वृंदावन राय भ्रमण पर थे। इस दौरान थाने अमौली जाेनिहां मार्ग में स्थित मदरी गांव की पुलिया के पास दो बाइक व पांच संदिग्ध लोग खड़े दिखे।
पुलिस को देखकर सभी भागने के लिए बाइक स्टार्ट करने लगे। तब तक पुलिस ने इनको टोका और रुकने को कहा। इस पर पुलिस के ऊपर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में कल्यानपुर थाने के श्यामखेड़ा निवासी शशांक उर्फ रतन पटेल के दाहिने व बकेवर थाने के जरारा गांव निवासी छोटे उर्फ छोटे लाल कोरी के बाएं पैर में गोली लग गई। दोनों मौके पर गिर पड़े।
इनके साथी जहानाबाद थाने के न्योरी जलालपुर गांव निवासी शैलेंद्र उर्फ दीपू ठोकिया, बिंदकी कोतवाली के बहरौली निवासी प्रियांशू कोरी व कल्यानपुर थाने के मवइया गांव के लवकुश भागे तो पुलिस ने घेरकर इन तीनों को पकड़ लिया।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि यह पांचों मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। काफी दिनों से इनके बारे में सूचना थी। मुठभेड़ में दो घायल हुए हैं।
यहां पर दिया था चोरी घटनाओं को अंजाम
थाना प्रभारी वृंदावन राय ने बताया कि पकड़े एक पांचों चाेरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इन सभी ने मिलकर अब तक बिंदकी कोतवाली के बरेठर गांव में रमेश चंद्र के नलकूप से केबल, खजुहा में शुभम ओमर की किराने की दुकान से सामान, बकेवर कस्बे में कल्प वर्षा गेस्ट हाउस से जूड़ाखेड़ा निवासी जितेंद्र यादव की बाइक, बेंता गांव निवासी अनिल कुमार के नलकूप से केबिल, चांदपुर थाने के बाबूपुर में अनिल पटेल की किराने की दुकान से सामान, आजमपुर गड़वा से बिजली के तीन खंभों का तार व भाजीताला गांव से किराने की दुकान से चोरी की थी। पूछताछ के दौरान सभी ने चोरी की इन घटनाओं में शामिल रहने की बात स्वीकार की है।