फतेहपुर हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का राजफाश, मकान मालिक ने भांजे और भतीजे से करवाई हत्या
फतेहपुर में हिस्ट्रीशीटर रामप्रकाश गुप्ता की हत्या का राजफाश हुआ है, जिसमें मकान मालिक अनिल कुमार लोधी ने साढ़े सात लाख रुपये वापस न करने के लिए अपने ...और पढ़ें

कोतवाली पुलिस की हिरासत में हत्यारोपित। जागरण
HighLights
हिस्ट्रीशीटर से साढ़े सात लाख लेकर वापस नहीं कर रहा था मकान मालिक
प्लाटिंग करने को पांच लाख व बुलेट खरीदने को लिए थे ढाई लाख रुपये
मकान मालिक ने अपनी पत्नी व रिश्तेदारों के साथ रची हत्या की साजिश
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। मोबाइल सीडीआर व सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से साक्ष्य संकलित कर कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का राजफाश कर दिया। साजिश रचने वाले मकान मालिक दंपती समेत पांच हत्यारोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि एक रिश्तेदार फरार हो गया।
मकान मालिक अनिल कुमार लोधी ने पूछताछ में बताया कि छह माह पूर्व किराएदार हिस्ट्रीशीटर से प्लाटिंग के लिए प्लाट लेने एवं बुलेट खरीदने को साढ़े सात लाख रुपये लिए थे। हिस्ट्रीशीटर अब रुपये लेने का दबाव बना रहा था जिस पर साजिश रचकर अपने भांजे शिवा व साढ़ू के बेटे ईशू लोधी से उसकी हत्या करा दी।
पुलिस ने इनके पास से 315 बोर दो तमंचे, एक जिंदा, एक खोखा कारतूस, एक अपाचे बाइक, एक बुलेट, तीन मोबाइल फोन व 1,310 रुपये नकद बरामद किए हैं।बुलेट व बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया है।
बता दें कि सदर कोतवाली के बकंधा-भैरमपुर रोड पर 30 जुलाई को हिस्ट्रीशीटर रामप्रकाश गुप्ता उर्फ लक्ष्मी निवासी नासिरपीर का शव मिला था। जिसके सिर के पीछे गोली मारकर हत्या की गई थी। दिवंगत के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीमों में वरिष्ठ एसआइ सत्यदेव गौतम, एसआइ राजकमल यादव, एसआइ विधान सोनकर, एसआइ प्रमेश ने दिवंगत के मोबाइल की काल डिटेल रिकार्ड व सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखकर संदेह के आधार पर जांच आगे बढ़ी।
खबरें और भी
मकान मालिक अनिल कुमार लोधी, इसकी पत्नी मीना, भांजे शिवा लोधी, साढ़ू के बेटे ईशू लोधी निवासी नासिरपीर व श्यामा पत्नी स्व. जितेंद्र लोधी निवासी चित्रांशनगर को धर दबोचा जबकि अनिल कुमार का कानपुर के कोयलानगर में रहने वाला रिश्तेदार अक्षय उर्फ कृष्णा लोधी फरार है। जिसे अनिल कुमार ने हिस्ट्रशीटर से पांच लाख रुपये प्लाटिंग के लिए दिलाए थे और झांसा दिया था कि प्लाटिंग में मुनाफा होने पर दोगुणा रकम मिलेगी।
सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि पिता रामसजीवन गुप्ता से पारिवारिक विवाद की वजह से हिस्ट्रशीटर ने नवंबर 2024 को खुशवक्तरायनगर स्थित मकान को 75 लाख रुपये में बेच दिया था। जिसमें 37.50 लाख पिता ने ले लिया था और 27.50 लाख रुपये हिस्ट्रशीटर रामप्रकाश गुप्ता को मिले थे जबकि 10 लाख रुपये हिस्ट्रशीटर की पुत्री नाम एफडी कराई गई थी। इसकी पुत्री को पारिवारिक चचेरे भाई ने गोद ले रखा है।
मकान बेचने के बाद हिस्ट्रशीटर नासिरपीर मोहल्ले में अनिल कुमार लोधी के मकान पर किराए पर आकर रहने लगा। मकान मालिक अनिल ने अपने साथ हिस्ट्रशीटर का ज्वाइंट खाता खुलवाकर परिवार की तरह उसे रखने लगा। धीरे धीरे उसके खाते से रुपये भी निकालने लगा और मकान मालिक ने खुद को बुलेट खरीदने के लिए ढाई लाख रुपये लिए थे।
हत्यारोपित मकान मालिक की नई बुलेट। जागरण
अत्याधिक शराब पिलाकर शिवा ने गोली मारी थी
हत्यारोपित शिवा लोधी ने पुलिस के समक्ष पूछताछ में बताया कि रिश्तेदार अनिल कुमार लोधी ने लालच दिया था कि हिस्ट्रशीटर के बैंक खाते में बहुत रुपये जमा है, उसका ज्वाइंट खाता खुला है। इसकी हत्या कर दो तो धनराशि बराबर में बांट लेंगें। जिस पर वह ईशु लोधी को लेकर 28 जलाई की रात हिस्ट्रशीटर को बुलाया और बुलेट से बकंधा-भैरमपुर रोड लेकर गया। वहां पर साथ में शराब पी लेकिन हिस्ट्रशीटर को अधिक शराब पिला दी। इसके बाद उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर भाग निकला था। 315 बोर का तमंचा हिस्ट्रशीटर का ही था, उसी के तमंचे से उसे गोली मारी। हिस्ट्रशीटर की महिला मित्र श्यामा पत्नी स्व.जितेंद्र लोधी भी हत्या की साजिश में शामिल थी।
साजिश रच साक्ष्य छिपाने की धारा बढ़ी
एएसपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि मकान मालिक अनिल कुमार व इसकी पत्नी मीना वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुके हैं। हत्या के मुकदमे में आपराधिक साजिश रचकर साक्ष्य छिपाने व आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई है। साढ़ सात लाख रुपये वापस करने का दबाव बनने पर हिस्ट्रशीटर की हत्या की गई थी। जिसमें पांच हत्यारोपितों को जेल भेजा गया है, फरार अक्ष्य उर्फ कृष्णा की तलाश कराई जा रही है।