Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP Board 10th Topper 2026: फतेहपुर के सात होनहारों का यूपी टाप टेन में कब्जा, 97% के साथ अभिषेक की 5वीं रैंक

    Updated: Fri, 24 Apr 2026 12:11 AM (IST)

    Fatehpur UP Board Result 2026 Topper success story: यूपी बोर्ड ने 10वीं कक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें फतेहपुर के सात छात्रों ने यूपी टाप टे ...और पढ़ें

    यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जिले के टापर बेटे अभिषेक तिवारी का मुंह मीठा करातीं मां सुरभि तिवारी। जागरण

    यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जिले के टापर बेटे अभिषेक तिवारी का मुंह मीठा करातीं मां सुरभि तिवारी। जागरण 

    HighLights

    1. फतेहपुर के सात छात्रों ने यूपी टाप टेन में जगह बनाई।

    2. किसान के बेटे ने जिला टाप कर प्रदेश में हासिल किया पांचवां स्थान

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। Fatehpur UP Board Result 2026 Topper success story, Fatehpur Topper 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। गुरुवार को शाम चार बजे जैसे ही परीक्षा परिणाम आया सफलता की इबारत लिखने वाले मेधावियों के चेहरे खिल उठे। घर में खुशियां तैरने लगी तो विद्यालयों में ढोल तासों के संग खुशियां बांटी जाने लगीं। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में नजर दौड़ाएं तो जिले में 36,836 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे हैं। परीक्षा में 36,036 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए और 32, 263 परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।

    यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में फतेहपुर जिले के मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राज्य स्तर की 'टॉप 10' सूची में फतेहपुर के अभिषेक तिवारी ने 97% अंकों के साथ प्रदेश में 5वीं रैंक हासिल कर जिले का नेतृत्व किया । उनके पीछे आस्था, अन्या सिंह, शिवानी बिंद और हर्षित तिवारी ने 96.33% अंकों के साथ प्रदेश में 9वीं रैंक पर कब्जा जमाया । वहीं, हिमांशु सिंह और राजवीर सिंह चौहान ने 96.17% अंकों के साथ राज्य स्तर पर 10वीं रैंक साझा की है । 

    जानें टाॅपर की कहानियां

    किसान के बेटे ने जिला टाप कर प्रदेश में हासिल किया पांचवां स्थान

    दिव्यांग पिता, सिर्फ चार बीघे खेत और जिस परिवार का खेती ही सहारा है। उस परिवार के होनहार ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में टाप करके ग्रामीणांचल की मेधा का परिचय दिया। ऐरायां ब्लाक के कटोघन गांव निवासी उमाशंकर तिवारी के पुत्र अभिषेक तिवारी ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अभिषेक का प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान है। जबकि जनपद में उसने टाप किया है। मेधावी ने जागरण से बातचीत में कहा कि उसका लक्ष्य आइएएस बनकर देश की सेवा करना है।

    Abhishek

    प्राथमिक स्कूल से की थी शुरुआत

    अभिषेक तिवारी ने शुरुआती शिक्षा गांव के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक से प्राप्त की। कक्षा नौ व दसवीं की पढ़ाई उन्होंने बुदवन इंटर कालेज से की। किसान परिवार का होने की वजह से अभिषेक को खेलने के लिए खिलौने भले ही कम मिले। माता-पिता ने किताबों में कमी नहीं होने दी। अभिषेक तिवारी, पूर्व विधायक चंद्रकिशोर तिवारी के प्रपौत्र हैं। उनके बाबा स्व. ईशचंद्र तिवारी ने भी पढ़ाई के समय में शुकदेव इंटर कालेज से टाप किया था। अभिषेक की सफलता से दादी जय देवी तिवारी, मां सुरभि तिवारी प्रसन्न हैं। पिता ने बताया कि बेटे ने सीमित संसाधन होने के बावजूद अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेधावी ने बताया कि सुबह-शाम उसने पांच घंटे पढ़ाई की। मनोरंजन के लिए गली क्रिकेट का सहारा लिया। अभिषेक ने बताया कि गांव में रहने वाले गणित गुरु सोनू कुमार से उसने ट्यूशन लिया। जिनकी मदद से गणित विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त हुए।

    खबरें और भी

    Astha


    अभावों में पली बढ़ी आस्था ने प्रदेश में बनाया नौवां स्थान

    यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में ग्रामीणांचल की मेधा ने सीमित संसाधनों के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया। जनता इंटर कालेज छिवलहा की छात्रा आस्था अभावों में पली-बढ़ी और कठिन परिश्रम व लगन के दम पर प्रदेश की मेरिट सूची में नौवां स्थान और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। बचपन में ही मां का साया छिनने के बाद अभावों में पली बढ़ी बेटी ने घर में सात घंटे नियमित पढ़ाई की और प्रदेश की मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

    मेधावी बेटी ने बातचीत में कहा कि उसने विद्यालय में नियमित जाकर गुरुजनों से मार्गदर्शन प्राप्त किया और घर में ही रहकर नियमित सात घंटे पढ़ाई की। आगे की पढ़ाई पूरी कर इंजीनियर बनने का सपना संजोए बेटी ने कहा कि मां सरिता देवी का निधन उसके बचपन में ही हो गया था। अब वह शहर के युसुफजई मुहल्ले में रह रहे मौसा रवि कुमार व मौसी सावित्री देवी के साथ रहकर आगे की पढ़ाई करेगी। प्रधानाचार्य डा. सुरेंद्र मालवीय ने कहा कि अभावों में पली-बढ़ी बेटी को आगे की पढ़ाई में विद्यालय परिवार पूरी मदद करेगा।

    Harshit


    किसान का बेटा हर्षित आइटीयंस बनकर करेगा देश सेवा

    भिटौरा ब्लाक के लालीपुर गांव के लाल हर्षित तिवारी ने हाईस्कूल की यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 9वां और जिले की सूची में चौथा स्थान लाकर जिले का नाम रोशन कर दिया है। एसएस इंका मुस्तफापुर में पढ़कर उसने 600 के पूर्णांक में 578 अंक लाकर 96.33 प्रतिशत से परीक्षा उत्तीर्ण की है। किसान विनोद तिवारी के पास चार बीघे जमीन है लेकिन बेटे को कभी आर्थिक तंगी का सामना नहीं होने दिया। मेधावी ने कहाकि नियमित पांच से छह घंटे तक घर में पढ़ाई करके सफलता पाई है। उसने कहाकि नियमित और मनोयोग से पढ़ाई कर विद्यार्थी को करना चाहिए। उसकी तमन्ना है कि वह आइटीयंस बनकर देश की सेवा करे। मां नीलू तिवारी ने पढ़ाई में उसकी हर पल देखरेख की। सफलता का श्रेय माता, पिता और गुरुजनों को जाता है जिनके मार्गदर्शन में बुलंदियों का शिखर चूमा है।

    Fatehpur up board result 2026


    आइएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं शिवानी बिंद

    नगर के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में हाईस्कूल की छात्रा शिवानी बिंद ने 96.33 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट में नौवां स्थान प्राप्त किया है। शिवानी के पिता रामप्रकाश बिंद, छिवलहा कस्बा के कोआपरेटिव बैंक में मैनेजर हैं, जबकि मां फूलमती देवी गृहणी हैं। मेधावी बोली आगे चलकर वह यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करेगी। उनका लक्ष्य है कि आइएएस बनना है। नियमित पांच से छह घंटे की पढ़ाई और कठिन विषयों पर शिक्षकों से बार-बार पूछने की आदत से उन्होंने सफलता अर्जित की है। मेधावी ने बताया कि उन्होंने घर पर ही रहकर पढ़ाई की। कालेज में अतिरिक्त क्लास से बहुत मदद मिली है। बेटी की सफलता पर दादा भूलेश्वर प्रसाद बिंद, भाई शिवप्रसाद बिंद व परिवार में खुशी है। परिवार मूल रूप से भदोही जनपद का रहने वाला है और दस साल से खागा के विजय नगर में रहता है।

    Fatehpur up board result 2026


    गुरुजनों के टिप्स ने दिलाई सफलता, डाक्टर बन आन्या करेगी सेवा

    सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता है। नियमित पढ़ाई और कठिन विषयों का लगातार अभ्यास से सफलता हासिल होती है। गुरूजनों के सुझाए मार्ग पर चलकर बिना किसी कठिनाई के सफलता प्राप्त की जा सकती है। नगर के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में हाईस्कूल की छात्रा आन्या सिंह ने यूपी बोर्ड परीक्षा में 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रदेश की मेरिट में नौवां स्थान प्राप्त किया है। मेधावी ने बताया कि उसके पिता राजेश सिंह, प्रापर्टी डीलर हैं। जबकि मां श्वेता सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय धर्मदासपुर में शिक्षिका हैं। मेधावी ने कहा कि वह डाक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं। कहा कि उन्होंने नियमित पांच घंटे पढ़ाई की, साथ ही विद्यालय में शिक्षकों द्वारा बताए गए टिप्स को गंभीरता से तैयार किया। ट्यूशन का सहारा न लेकर उन्होंने सिर्फ शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जाने वाले विषय पर पूरा ध्यान दिया। मेधावी ने बताया कि परीक्षा से दो माह पूर्व उन्होंने मोबाइल फोन से दूरी बना ली थी।

     Fatehpur up board result 2026

    आठ घंटे पढ़ाई कर हिमांशु ने बनाया प्रदेश में दसवां स्थान

    धाता कस्बा के पं. दीनदयाल मुहल्ले में रहने वाले किसान राकेश सिंह के बेटे हिमांशु सिंह ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रदेश की मेरिट में 10वां स्थान हासिल किया है। कस्बा के चौधरी प्रह्लाद सिंह हायर सेकेंड्री स्कूल में पढ़ाई की। हिमांशु ने जागरण से बातचीत में कहा कि वह इंजीनियर बनना चाहते हैं। मेधावी के पिता राकेश सिंह का कहना था उन्होंने भले ही जीवन में मुश्किलें उठाई हों, बच्चों को किताबों की कमी नहीं होने दी है। बेटे ने हाईस्कूल में जिस लगन व गुरूजनों के मार्गदर्शन से सफलता अर्जित की है। उससे घर-परिवार व लोगों में खुशी का माहौल है। मेधावी ने बताया कि उनकी मां रेशमा देवी गृहणी हैं। प्रतिदिन छह से आठ घंटे की पढ़ाई की। माता-पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद के सहारे उन्होंने सफलता अर्जित की है। मेधावी ने बताया कि उसने ट्यूशन के साथ में इंटरनेट मीडिया के सहारे अपने कठिन विषयों को हल किया।

    Fatehpur up board result 2026


    सेना में अधिकारी बनकर राष्ट्रसेवा का जज्बा संजोए है राजवीर

    यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में 96.17 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तृतीय और यूपी मेरिट में 10वां स्थान प्राप्त करने वाले राजवीर सिंह चौहान सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज रघुवंशपुरम के छात्र हैं। मेधावी ने कहा कि वह एनडीए की तैयारी कर रहे हैं, एनडीए की परीक्षा उत्तीर्ण कर सेना में अधिकारी बनना चाह रहा है। अपने लेफ्टीनेंट चाचा राहुल सिंह चौहान की प्रेरणा लेकर वह सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का जज्बा संजोए है। मेधावी ने कहा कि सफलता का कोई शार्ट कट नहीं है। कड़ी मेहनत व लगन के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का पूरा मार्गदर्शन मिला और समय-समय पर परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। कहा कि उसने आनलाइन किसी भी प्लेटफार्म का इस्तेमाल नहीं किया, हालांकि यू-ट्यूब के कुछ वीडियो जरूर देख लेता था। व्यवसायी पिता कुलदीप सिंह चौहान व गृहणी मां सोमलता सिंह ने बेटे की उपलब्धि से खासे गदगद हैं। 

     

    यूपी में टापर

    यूपी रैंक जिला रैंक छात्र का नाम प्रतिशत (%) स्कूल का नाम
    5 1 अभिषेक तिवारी 97.00% इंटर कॉलेज, बुदवन
    9 2 आस्था / अन्या सिंह / शिवानी बिंद / हर्षित तिवारी 96.33% जनता इ.का. / SBMIC खागा / SSIC मुस्तफापुर
    10 3 हिमांशु सिंह / राजवीर सिंह चौहान 96.17% चो. प्रह्लाद सिंह इंका / SBM Raghuvanshpuram

     

     जिले में टापर की सूची

    रैंक परीक्षार्थी का नाम प्रतिशत (%) विद्यालय का नाम
    1 अभिषेक तिवारी 96.33% बुदवन इंटर कालेज, बुदवन
    2 आस्था / अन्या सिंह / शिवानी बिंद / हर्षित तिवारी 96.33% विभिन्न विद्यालय (जनता इंका / एसबीएम खागा / एसएसआइसी)
    3 हिमांशु सिंह / राजवीर सिंह चौहान 96.17% चौ. प्रह्लाद सिंह इंका / एसबीएम रघुवंशपुरम
    4 अनमोल / सूरज / आकृति 96.00% एसवीएम वीआइपी रोड / कृष्णा इंका / ज्ञान भारती अमौली
    5 अंकित कुमार / आस्था देवी 95.83% एसवीएम वीआइपी रोड / श्री एसएस सिंह इंका
    6 आश्रिता / अभि शुक्ला / असरा बानो 95.67% कृष्णा इंका / जय मां एसबीएम राधानगर
    7 हर्ष सोनी / अंकिता / रिंकी / सुधांशु 95.50% बहुआ इंका / एसएस सिंह बरयैपुर / एसबीएम शिवपुरम
    8 संजय / उज्जवल / अनुभव / कनिष्क / शिवेन्द्र / अभय / अभिषेक 95.33% विभिन्न विद्यालय
    9 आकृति गुप्ता / शिवा यादव 95.17% एसबीएम शहजादपुर / मां गौरा शिक्षा सदन खागा
    10 प्रशांत कुमार / हारमोनी 95.00% विकास विद्या मंदिर / मां जानकी शिवराम इंका