दिल्ली जंतर-मंतर पर Gen-Z फतेहपुर में Alpha उतरे सड़क पर, सर्वोदय इंटर कालेज में अव्यवस्थाओं के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
किशुनपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों ने खराब सुविधाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें पेयजल, साफ-सफाई और बिजली की कमी मुख्य मुद्दे थे। जिला विद्य ...और पढ़ें

कालेज के बाहर प्रदर्शन करते छात्र व छात्राएं। वीडियो ग्रैब
HighLights
कॉलेज में पेयजल, साफ-सफाई, बिजली की गंभीर कमी।
छात्रों ने प्रधानाचार्य पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने 24 घंटे में सुधार का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, खागा (फतेहपुर)। जंतर-मंतर पर जेन-जी थे और मंगलवार को किशुनपुर कस्बा के सर्वोदय इंटर कालेज गेट पर सैकड़ों की संख्या में अल्फा मैदान में उतर आए। इन छात्र-छात्राओं ने अव्यवस्थाओं के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कालेज में पेयजल, साफ-सफाई व बिजली की सुविधा बद से बदतर है। टोटियों से पानी के साथ में कीड़े-मकोड़े निकलते हैं। पंखे करंट का झटका देते हैं, वहीं शौचालयों की स्थिति ऐसी है, जहां एक मिनट तक रुकना मुश्किल हो रहा है।
किशुनपुर कस्बा के सर्वोदय इंटर कालेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं का विरोध करते हुए मंगलवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने गेट के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी की। स्कूल में हंगामे की सूचना पर जिला विद्यालय निरीक्षक भी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बात की।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि कालेज में पेयजल, साफ-सफाई, बिजली व फर्नीचर की हालत बद से बदतर है। टोटियों से पानी के साथ में कीड़े-मकोड़े निकलते हैं। पंखे चालू करने में करंट का झटका लगता है। शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है, जहां एक मिनट तक रुकना मुश्किल हो रहा है।
सपा और सीजेपी ने किया पोस्ट
छात्रों के प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी व काकरोज जनता पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके आवश्यक कार्रवाई की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने छात्रों को आश्वस्त किया कि 24 घंटे के अंदर बिजली, रोशनी व शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। एक माह के अंदर नए फर्नीचर व छतों की मरम्मत होगी। दोपहर 12 बजे छात्रों का हंगामा शांत हुआ। हालांकि कक्षाओं का संचालन न करके विद्यालय में छुट्टी कर दी गई।
खबरें और भी

प्रिंसिपल पर लगाया ये आरोप
कालेज के गेट पर प्रदर्शन कर रहे एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का आरोप था कि कालेज के प्रधानाचार्य लगातार उनकी समस्याओं की अनदेखी करते आ रहे हैं। आरोप लगाया कि कालेज में लीविंग सार्टिफिकेट व अन्य दूसरे प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर छात्रों से वसूली होती है। जिसका विरोध करने पर छात्रों को फेल करने व कालेज से बाहर निकाल देने की धमकी दी जाती है।
जेन-जी की तर्ज पर पोस्टर बैनर लेकर उतरे विरोध में
डा. भीमराव आंबेडकर का चित्र व मांग लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। कालेज के प्रधानाचार्य लालबहादुर सिंह व शिक्षकों ने आंदोलनरत छात्रों से बातचीत का प्रयास किया। हालांकि छात्र, उनकी बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे। जिला विद्यालय निरीक्षक व छात्रों के मध्य हुई बातचीत के बाद छात्र माने। दोपहर 12 बजे तक कक्षाओं का संचालन नहीं हो सका। जिसके चलते सभी छात्रों की छुट्टी कर दी गई। प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी कक्षों में चार-चार पंखे व पर्याप्त रोशनी के लिए चार एलइडी तथा शुद्ध पेयजल के लिए आरओ, वाटर कूलर की व्यवस्था तत्काल की जा रही है।