Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Jahanabad MLA Report Card: स्टेडियम बनकर तैयार, पंप कैनाल को मंजूरी; अमौली को नगर पंचायत का दर्जा अब भी अधूरा

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 05:28 PM (IST)

    जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने पंप कैनाल जैसी बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दिलाई है, लेकिन अमौली को नगर पंचायत का दर्जा और महिला महाविद्यालय जैसे कई वा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पंप कैनाल योजना को मिली स्वीकृति, सिंचाई समस्या हल होगी।

    2. अमौली को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का वादा अधूरा।

    3. बुढ़वा में ग्रामीण स्टेडियम और बायोगैस प्लांट का काम शुरू।

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में पहली बार कमल खिलाकर विधानसभा पहुंचे राजेंद्र पटेल चालीस वर्ष पुरानी बिजौली-सिजौली व अमौली रजबहों में पानी लाने के लिए 80.41 करोड़ रुपये की लागत से पंप कैनाल योजना को स्वीकृति दिलाने में कामयाब रहे लेकिन अमौली व खजुहा कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का वादा पूरा नहीं कर पाए। यमुना नदी में दो पुलों के निर्माण के लिए लंबे समय से चली आ रही मांग अभी अधर में फंसी है। जिस कस्बे के नाम से विधानसभा का नाम है, वहां के लोग बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

    जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र में 584 गांवों में 2,81,332 मतदाता हैं। विकास की उम्मीद लगाए क्षेत्रवासियों को रिंद नदी में कृपालपुर बिंधा गांव में पक्का पुल, बुढ़वां में मिनी स्टेडियम मिल गया है। सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होने से गांव की कनेक्टीविटी अच्छी हुई है। बिंदकी फारम गांव के पास पांडु नदी में पुल बनवाने, खजुहा व अमौली को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का वादा अभी अधूरा पड़ा हुआ है।

    चुनावी वादे में शामिल रहे यमुना नदी में इछावर-बांदा पुल और यमुना कछार के गांव में बुंदेलखंड जैसी सुविधाएं, राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना के वादे अभी अधूरे हैं। कस्बा जहानाबाद से कानपुर के लिए बस सेवा सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही है। यहां कानपुर के लिए सस्ती और सुलभ सीएनजी व इलेक्ट्रिक बस सेवा बंद हो चुकी है। इससे व्यापारियों व यात्रियों को कानपुर आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

    जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र में गंगा, यमु़ना और रिंद नदी बहती हैं। इन नदियों के इस पार उस पार बसे गांव में पुल निर्माण चुनाव में मुद्दा बनता है। यमुना कछार क्षेत्र में रोजगार की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवा सूरत और मुंबई में पलायन कर रहे हैं। विधान सभा क्षेत्र चौडगरा से छिवली नदी तक चल रही औद्योगिक इकाइयां भी पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं उपलब्ध करा सकी हैं।

    खबरें और भी

    इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र के कई गांव भू-गर्भ जल प्रदूषण के गंभीर संकट में फंस गए हैं। इन गांव को प्रदूषित पेयजल संकट से उबारने की दिशा में कोई ठोस नीति अब तक नहीं बन सकी है। गर्मी के दिनों में गंभीर जल संकट का सामना करने वाले यमुना कछार क्षेत्र में बहने वाली नोन नदी को पुनर्जीवन देने की कोशिश हुई, पर इसमें जल की धारा कल-कल नहीं बह सकी है। कुन्हुआ का डेरा में पक्का पुल, अमौली श्रीराम लीला मैदान का दो करोड़ से सौंदर्यीकरण का काम हो रहा है। चांदपुर में सौ करोड़ की लागत से बायोगैस प्लांट, नवीन जय प्रकाश नारायण विद्यालय के लिए भूमि संग्रह हो चुका है।

    जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र

    • कुल मतदाता : 281332
    • पुरुष मतदाता : 156598
    • महिला मतदाता : 124732
    • थर्ड जेंडर : 02

     

    -चुनाव के समय जनता से जो वादे किए थे, उन पर लगातार काम किया जा रहा है। किसानों के करीब चालीस वर्ष चली आ रही सिंचाई की समस्या का समाधान रिंद नदी पर पंप कैनाल लगाकर किया जा रहा है। नदियों पर जहां भी पुल बनाने की मांग थी, सभी के प्रस्ताव मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिए हैं। इनमें एक-एक करके सभी को बनाया जाना है। कृपालपुर बिंधा व कुन्हुआ का डेरा में पुल निर्माण शुरू हो गया है। सौ करोड़ की परियोजना बायो गैस प्लांट का है, इस पर काम शुरू है। इसके शुरू होने से किसानों को बड़ा आर्थिक लाभ हाेगा। सड़क और पुल के करीब 11 सौ करोड़ के प्रस्ताव दिए हैं। इन सभी पर काम होगा।
    - राजेंद्र सिंह पटेल विधायक जहानाबाद

     

    - जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र में सबसे अधिक समस्याग्रस्त क्षेत्र यमुना कछार का है। यहां से रोजगार के लिए पलायन हो रहा है। गर्मी के दिनों में जल संकट रहता है। नोन नदी गर्मी के दिनों में सूख जाती है। इसमें पानी नहीं आता है। क्षेत्र को बुंदेलखंड की सुविधाएं दिलाने की मांग लंबे समय से चल रही है। इसके बाद भी इन समस्याओं के निराकरण की दिशा में कोई काम नहीं हुआ है। प्रतिनिधियों को और सरकार को इस मूल समस्या पर काम होना चाहिए। सड़क, बिजली, पानी की समस्याओं पर तो काम चलता ही रहता है।
    - कमला प्रजापति रनर


    जहानाबाद से कानपुर के लिए परिवहन की सबसे बड़ी दिक्कत है। कस्बे से इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसें चालू हुई थी, जो बंद हो चुकी है। इससे यात्री परेशान रहते हैं। बसों का संचालन शुरू होना चाहिए। व्यापारियों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
    -उदयवीर खरे जहानाबाद


    बालिका शिक्षा के लिए जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र के यमुना कछार इलाके में एक राजकीय महिला महाविद्यालय होना आवश्यक है। उच्च शिक्षा के लिए कोई राजकीय कालेज नहीं है। छात्राओं दूरस्थ कानपुर शिक्षा के लिए जाना पड़ता है।
    -मुन्ना प्रजापति बकेवर


    किसानों की लंबे समय से चली आ रही बिजौली सिजौली अमौली रजबहों में पानी की मांग पूरी करने के के लिए जहानाबाद में पंप केनाल बन रही हैं। नहरों की भी मरम्मत की जरूरत है। नहीं हो पानी खेत तक नहीं पहुंच पाएगा।
    -लवबीर सचान बिजौली


    अमौली को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। विधायक ने सदन में यह बात उठाई है। पर इसे स्वीकृत नहीं करा सके हैं। अमौली कस्बा पुराना कस्बा है। इसके नगर पंचायत का दर्जा मिल जाना चाहिए था।
    -कन्हैया लाल तिवारी अमौली


    सदन में उठाए गए सवाल

    • सदन की कार्यवाही में शत-प्रतिशत उपस्थित रही है।
    • जहानाबाद में पंप कैनाल, ग्रामीण स्टेडियम व बायोगैस प्लांट प्रमुख मुद्दों को सदन में उठाया गया।