फतेहपुर में झमाझम बारिश के बीच आकाशीय बिजली का कहर, किसान समेत दो की मौत, कई गांवों की 21 घंटे से बिजली गुल
फतेहपुर में भारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान और एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। बिजली गिरने से कई इंसुलेटर क्षतिग्रस्त ह ...और पढ़ें

अजीत कुमार व रामनारायण मिश्रा का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन
HighLights
फतेहपुर में आकाशीय बिजली से दो लोगों की मौत।
किसान रामनारायण और युवक अजीत कुमार की जान गई।
बिजली गिरने से 21 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।
जागरण टीम, फतेहपुर। फतेहपुर में झमाझम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान और एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य झुलस गए। बिजली गिरने से कई इंसुलेटर भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में पिछले 21 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है।
महुआ पेड़ के नीचे खड़ा था किसान व उनके भतीजे
गाजीपुर थाने के सेवरामऊ गांव निवासी 55 वर्षीय किसान रामनारायण उर्फ गट्टू मिश्रा पारिवारिक भतीजे 18 वर्षीय हरिवंश पुत्र नन्हू मिश्रा व 14 वर्षीय महादत्त पुत्र स्व. जयशंकर मिश्र के साथ कछार क्षेत्र में मवेशी चराने गए थे। शाम चार बजे वर्षा से बचने के लिए उक्त तीनों लोग महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गये। तेज धमाका के साथ बिजली गिरने से उक्त तीनों लोग झुलस गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकीय टीम ने रामनारायण उर्फ गटटू को मृत घोषित कर दिया जबकि हरिवंश व महादत्त को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुरुषोत्तमपुर गांव में धान की नर्सरी में युवक की बिजली गिरने से मौत
हथगाम थाना क्षेत्र के मकदूमपुर खुर्द मजरे पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी स्व. हरिप्रसाद के पुत्र अजीत कुमार ने इसी साल इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। गुरुवार सुबह सात बजे करीब अजीत कुमार अपने चचेरे भाई शैलेंद्र के साथ में धान की नर्सरी में खाद का छिड़काव करने गया था। हल्की बरसात के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से अजीत कुमार गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि चचेरा भाई हादसे में बाल-बाल बच गया। पीड़ित को जिला अस्पताल में ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया।
बिजली गिरने इंसुलेटर हुए खराब, 21 घंटे से बिजली गुल
दरवेशाबाद बिजली घर से बिंदकी ग्रामीण व नगर के बिजली उपकेंद्र को आने वाली 33 हजार केवी लाइन में आया फाल्ट ठीक करने में बिजली विभाग को 24 घंटे लग गए। लाइन के 14 इंसुलेटर खराब मिले हैं, इन्हें बदल कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई है। गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे गरज चमक के साथ वर्षा हुई थी। इस दौरान बिजली गिरने से 33 केवी की दस किमी लंबी लाइन में इंसुलेटर खराब हो गए थे। इससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी रात फाल्ट ठीक करने में लगे रहे। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह 16 कर्मचारियों को लगाया गया। तब 14 इंसुलेटर बदल कर लाइन को दोपहर तीन बजे 24 घंटे बाद चालू किया जा सका।