सपा के 'PDA' फॉर्मूले में दरार? फतेहपुर की चाय दुकान विवाद में कूदा मुस्लिम समुदाय, अखिलेश यादव का फूंका पुतला
फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष चाय दुकान विवाद में अखिलेश यादव के एकतरफा रुख से मुस्लिम समुदाय में भारी नाराजगी है। प्रेमनगर में मुस्लिम युवाओं और स्थानीय ...और पढ़ें

फतेहपुर में अखिलेश यादव के विरोध में प्रदर्शन करते मुस्लिम समुदाय के लोग। जागरण
जागरण संवाददाता, प्रेमनगर(फतेहपुर)। फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष चाय दुकान विवाद में अखिलेश यादव के रुख ने मुस्लिम समुदाय को नाराज कर दिया है। मुस्लिम समुदाय के नाराज होने से सपा के पीडीए फार्मूला सियासत में फंसता नजर आ रहा है। सोमवार को प्रेमनगर कस्बे में बड़ी संख्या में जुटे मुस्लिम युवाओं और स्थानीय प्रधानों ने अखिलेश यादव पर एकतरफा राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंका।
सुल्तानपुर घोष थाने के बहेरा चौकी चौराहा स्थित चाय की दुकान का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चाय दुकानदार पिता-पुत्र शेषमणि यादव व आर्यन यादव को पार्टी कार्यालय बुलाकर उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा देते हुए पीतल के बर्तन दिए थे। सपा मुखिया ने पत्रकारों के समक्ष पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि पूर्व मंत्री ने सपा मुखिया के आरोपों का तत्काल ही पलटवार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि सपा मुखिया जो आरोप लगा रहे हैं, यदि उनके साक्ष्य देते हैं तो वह राजनीति से सन्यास ले लेंगे। ऐसा न कर पाने की स्थिति में पूर्व मंत्री ने मानहानि का दावा ठोंकने की चेतावनी दी है।
पूर्व मंत्री ने अपने बयान में कहा कि सपा मुखिया ने एक पीडीए पीड़ित की पूरी बात सुनी, जबकि दूसरे पक्ष को अनसुना कर दिया। ऐसा उन्होंने जानबूझ कर किया है। चाय दुकानदार यादव है तो शिकायतकर्ता व मारपीट करने वाले मुस्लिम हैं। सपा मुखिया को चाहिए था कि दोनों की बातें सुनें। उन्होंने ऐसा नहीं किया, जानबूझ कर उनका नाम इस प्रकरण में घसीट दिया। पूर्व मंत्री की बातों का समर्थन कर रहे विशेष वर्ग में नाराजगी है।
इजूरा बुजुर्ग ग्राम प्रधान नदीम व ग्राम प्रधान इश्तियाक बेग के आह्वान पर प्रेमनगर कस्बा के दीदार गेस्ट हाउस में सोमवार को एक आवश्यक बैठक बुलाई गई। जिसमें क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से करीब दो हजार लोग पहुंचे। बैठक में सपा मुखिया के एकपक्षीय व्यवहार को लेकर रोष जताया गया।
खबरें और भी
इजूरा बुजुर्ग प्रधान ने कहा कि सपा मुखिया ने एक पक्ष की बात सुनी, जबकि दूसरे की ओर ध्यान नहीं दिया। इस बर्ताव से लगता है कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की नजरों में अब हमारी कोई जगह नहीं है। यह बात अब हम लोग पूरे प्रदेश को बताएंगे। बैठक समापन पर मुस्लिम युवकों ने अखिलेश यादव हाय-हाय के नारे लगाते हुए सपा मुखिया का पुतला फूंका।
दुकान खोले जाने की रही अफवाह
बहेरा चौकी चौराहे पर शुक्रवार की सुबह चाय दुकानदार पिता-पुत्र के साथ हुई मारपीट के बाद से दुकान बंद है। सोमवार की सुबह चर्चा रही कि सपा प्रदेश अध्यक्ष, सांसद व अन्य कई पदाधिकारी चाय दुकानदार को लेकर उसकी दुकान पहुंच रहे हैं। चौकी चौराहे में यह चर्चा दोपहर तक होती रही कि जल्दी ही दुकान खुलने जा रही है। हालांकि अपराह्न तीन बजे तक दुकान बंद रही।