फतेहपुर में भूमि पूजन बना सियासी अखाड़ा, SP-BJP विधायक आमने-सामने, बोलीं- ‘विधानसभा मेरी है’
फतेहपुर में खागा-नौबस्ता मार्ग के भूमि पूजन के दौरान सपा और भाजपा विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने सपा विधायक ऊषा मौर्य ...और पढ़ें
HighLights
खागा-नौबस्ता मार्ग के मरम्मतीकरण के भूमिपूजन में हुआ विवाद
भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने सपा विधायक ऊषा मौर्या के बीच कहासुनी
खागा-नौबस्ता रोड मार्ग खागा व हुसेनगंज दोनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। दो विधानसभा क्षेत्रों के जुड़े खागा-नौबस्ता मार्ग के मरम्मतीकरण के भूमिपूजन में सपा व भाजपा विधायक के बीच पूजा में शामिल होने को लेकर तकरार हो गई। सपा विधायक पूजा में पहुंची तो पहले से पूजा कर रहीं भाजपा विधायक ने कह दिया कि पूजन में तुम कैसे, विधानसभा तो मेरी है... फिर क्या सपा विधायक के एक समर्थक ने तपाक से जवाब दिया कि विधानसभा जनता की है।
पूजा में थोड़ी देर हिस्सा लेने के बाद सपा विधायक यह कहकर उठकर चलीं गई कि तो मुझे यहां क्यों बुलाया गया.. तल्ख लहजे में अधिकारियों से कहा कि जब मेरे विधानसभा क्षेत्र के सड़क का निर्माण कराएं तो मुझसे भूमि पूजन कराया जाए।
खागा-नौबस्ता मार्ग के ध्वस्त पड़े 11 किलोमीटर हिस्से का निर्माण होना है। शासन ने सड़क निर्माण के लिए 28 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। जिसमें मंगलवार को सड़क निर्माण से पहले भूमि पूजन का कार्यक्रम रखा गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने खागा विधायक कृष्णा पासवान के साथ में हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्या को आमंत्रित किया था। दोपहर एक बजे भूमि पूजन हो रहा था, जिसमें मुख्य यजमान की भूमिका में खागा विधायक कृष्णा पासवान पहले से बैठी हुई थीं।
हुसेनगंज विधायक के साथ रहीं सपा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव रत्नेश रत्ना ने अकेले खागा विधायक से पूजा कराने की बात पर विरोध दर्ज कराया तो खागा विधायक से बहस हो गई। खागा विधायक ने कहा कि मेरी विधानसभा में भूमि पूजन हो रहा है। उनके प्रयास से 11 किलोमीटर सड़क निर्माण को स्वीकृत मिली है। सपा विधायक बार-बार यही कह रहीं हैं कि फिर मुझे बुलाया क्यों गया, यह भी कहा कि मुझे पूजा नहीं करनी, फूल ही दे दीजिए। जेई की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि क्या यही अपमान कराने के लिए आप मेरे घर आमंत्रण देने गये थे।
खबरें और भी
पूजा करा रहे पुरोहित मामले को शांत करने के लिए विधायक के हाथ में फूल देकर मंत्रोच्चारण करने लगे। पूजा में थोड़ी देर हिस्सा लेने के बाद सपा विधायक समर्थकों के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हिदायत देते हुए चलीं गईं। भूमि पूजन के दौरान दोनों विधायकों के बीच हुई इस तकरार का किसी कार्यकर्ता ने वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया में प्रचलित कर दिया। जिसमें लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया कर रहे हैं। लोगों के बीच एक सवाल भी तैर रहा है कि कहीं दोनों विधायकों की रस्साकशी में बहुप्रतीक्षित सड़क का निर्माण न अटक जाए।
‘भूमि पूजन में हुसेनगंज विधायक देर से पहुंची थीं। पूजन शुरू हो चुका था। उन्हें भी पूजन में सम्मिलित होना चाहिए था, हालांकि उन्होंने ऐसा नहीं किया। उनके साथ आए कार्यकर्ता भाजपा के झंडे हटाने के लिए कह रहे थे। कार्यक्रम में व्यवधान डालने की उनके द्वारा कोशिश की गई।’
- कृष्णा पासवान, विधायक-खागा
‘भूमि पूजन में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता व अवर अभियंता के आमंत्रण पर गईं थीं। सड़क का बड़ा हिस्सा मेरे क्षेत्र में आता है। मेरे क्षेत्र में भूमि पूजन नहीं हुआ, फिर भी जनहित को ध्यान में रखते हुए मैं वहां गई। पूजन नहीं करने दिया जा रहा था। यदि कोई समस्या थी तो मुझे आमंत्रित ही नहीं करना चाहिए था।’
- ऊषा मौर्य, विधायक हुसेनगंज
‘खागा-नौबस्ता रोड मार्ग खागा व हुसेनगंज दोनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आता है। इस वजह से दोनों क्षेत्रों की विधायकों को भूमि पूजन में आमंत्रित किया गया था। अब भूमि पूजन में दोनों विधायकों के बीच क्या विवाद हो गया है, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।’
- अनिल कुमार शील, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड