फतेहपुर में क्रूरता की हदें पार! पत्नी और बेटी ने मिलकर हलवाई पति को बेरहमी से पीटा, फिर रस्सी से बांधकर लगाया करंट
फतेहपुर में पत्नी और बेटी ने हलवाई पति को बेरहमी से पीटा, फिर चारपाई से बांधकर बिजली का करंट लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। भाई ने चीख-पुकार सुनकर ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
पूर्व प्रधान के यहां मुंडन संस्कार से मध्यरात्रि घर लौटे थे हलवाई
चीख पुकार सुनकर भाई पहुंचा और हाथ-पैर में बंधी रस्सी खोली
प्रभारी बोले-अक्सर नशे में घर आकर पत्नी से करता था मारपीट
संवाद सूत्र, औंग(फतेहपुर)। मलवां थाने के तारापुर असवार गांव में कुछ दिन पहले पत्नी द्वारा पति को पेट्रोल डालकर जलाने की घटना के बाद अब रविवार को औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पत्नी व पुत्री ने हलवाई को बेरहमी से पीटकर सिर फोड़ा और चारपाई से बांधकर बिजली का करंट लगाकर जान से मारने का प्रयास किया।
चीख पुकार सुनकर पहुंचे भाई ने हाथ-पैरों में बंधी रस्सी खोलकर उसे बचाया और जहानाबाद सीएचसी से एलएलआर हास्पिटल कानपुर भेजा। घायल का चारपाई पर बंधा खून से लथपथ वीडियो इंटरनेट पर प्रचलित हो रहा है। हालांकि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।
मुंडन संस्कार से लौटा था पति
औंग थाने के परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी हलवाई का काम करते हैं। रविवार को गांव में ही पूर्व प्रधान के यहां मुंडन संस्कार में भोजन बनाने गए थे, वहां से काम खत्म कर रात करीब 12 बजे घर लौटे। आरोप है कि हलवाई ने घर का दरवाजा खटखटाया तो पत्नी रन्नों ने दरवाजा खोलते ही पुत्री के साथ मिलकर डंडे से सिर पर प्रहार कर दिया।। इससे हलवाई लहूलुहान होकर गिर पड़े।
बिजली के तार से करंट लगा मारने का प्रयास
इसके बाद दोनों उठाकर हलवाई को घर के अंदर ले गईं। यहां पर चारपाई में रस्सी के सहारे हाथ-पैर बांध कर बिजली के तार से करंट लगाकर मार डालने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर भाई मनीष तिवारी व चचेरे भतीजे भोले तिवारी घर के दरवाजे धक्का देकर खोल अंदर गए। चारपाई पर रस्सी से बंधे हलवाई को छुड़ाकर उसकी जान बचाई। भाई मनीष तिवारी की सूचना पर पीआरवी व पुलिस टीम मौके पर गई और घायल हलवाई को सीएचसी जहानाबाद ले गई। यहां से गंभीर हालत में चिकित्सक ने एलएलआर कानपुर रेफर कर दिया है।
खबरें और भी
पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला
थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि पति पत्नी के बीच विवाद का मामला है। पति अक्सर शराब पीकर घर पर विवाद व मारपीट करता था। रविवार रात भी शराब पीकर घर पहुंचा था, उसी विवाद में मारपीट हुई है। अभी तक किसी की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच बाद कार्रवाई की जाएगी।
चरित्र पर संदेह की खुन्नस
ग्रामीणों में चर्चा रही कि हमले में पत्नी के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल रहे होंगे। उधर घायल के भाई मनीष तिवारी ने आशंका जताई कि हलवाई अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह जताता था। इसी विरोध के खुन्नस में भाई की हत्या का प्रयास किया गया है। घर में उस समय हलवाई का दिव्यांग पुत्र भी था लेकिन वह किसी से कुछ नहीं बोल रहा है। चर्चा है कि हलवाई की पत्नी को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है।