Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने कार के बाद बस में मारी टक्कर, चालक की मौत, 11 लोग घायल

    By Rajeev Sharma Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 12 May 2026 07:28 PM (IST)

    आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शिकोहाबाद के पास एक ट्रक ने पहले कार और फिर बस को टक्कर मारी। इन दो हादसों में कुल 11 लोग घायल हुए और क्रेन चालक ध्रुव कुमार ...और पढ़ें

    सड़क दुर्घटना में घायलों को सैफई पीजीआई ले जाते परिजन।

    सड़क दुर्घटना में घायलों को सैफई पीजीआई ले जाते परिजन।

    HighLights

    1. एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने पहले कार, फिर बस को टक्कर मारी।

    2. क्रेन चालक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा।

    संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह पांच बजे नगला खंगर क्षेत्र में ट्रक ने एक आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे कार सवार दिल्ली के पांच चार लोग घायल हो गए।

    पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजने के बाद क्रेन बुलाकर कार और ट्रक को हटवाया। इसके बाद पुलिस के कहने पर क्रेन चालक ट्रक लेकर थाने जा रहा था। रास्ते में यू-टर्न लेते समय ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।

    जिससे ट्रक चला रहे क्रेन चालक और बस में सवार छह लोग घायल हो गए। इन सभी को पीजीआइ सैफई भेजा गया। वहां उपचार के दौरान क्रेन चालक की मृत्यु हो गई। घटना से नाराज स्वजन ने पोस्टमार्टम के बाद शव एटलस कंपनी के कार्यालय पर रखकर हंगामा किया।

    पहली दुर्घटना सुबह पांच बजे माइल स्टोन 71.2 किलोमीटर पर हुई। ट्रक ने आगे चल रही कार में टक्कर मार दी। कार विवेक पांडेय निवासी प्रेम नगर छोटी सब्जी मंडी, नई दिल्ली चला रहे थे।

    कार में उनके साथ बैठे परिवार के ही 27 वर्षीय सूरज तिवारी, उनके भाई 18 वर्षीय अभिनंदन, 13 वर्षीय आयुष शुक्ला और आठ वर्षीय इच्छा तिवारी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सैफई भेजा। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।

    खबरें और भी

    दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए पुलिस ने क्रेन बुलाई गई। एटलस कंपनी के क्रेन चालक ध्रुव कुमार निवासी हैबीपुरा थाना महावन, मथुरा मौके पर पहुंचे।

    कार को हटाने के बाद वह ट्रक लेकर थाने जा रहे थे। सुबह छह बजे यू-टर्न लेते समय ट्रक ने दिल्ली से लखनऊ जा रही एक वाल्वो बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक पलट गया।

    इस हादसे में ध्रुव के साथ ही बस में सवार 38 वर्षीय नितिन, उनकी पत्नी 30 वर्षीय नीतू देवी निवासी विकास नगर लखनऊ, 27 वर्षीय निशा यादव, 29 वर्षीय मंजू देवी निवासी राजीव नगर भलस्वा डेरी दिल्ली, 34 वर्षीय जुबेर निवासी थाना कोतवाली, प्रतापगढ़ और 41 वर्षीय राज कुमार निवासी बाल बदरगंज थाना मोहनगंज अमेठी समेत कई लोग घायल हो गए।

    सूचना पर पहुंची यूपीडा और नगला खंगर पुलिस ने सभी को सैफई में भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद ध्रुव कुमार की मृत्यु हो गई।

    पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर नसीरपुर क्षेत्र के रामनगर गांव के समीप स्थित एटलस कंपनी के मेंटीनेंस प्लांट पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने परिजन को समझा-बुझाकर शांत कराया।

    कंपनी के अधिकारियों ने तत्काल 50 हजार रुपये आर्थिक सहायता की। इसके बाद स्वजन शव लेकर मथुरा के लिए रवाना हो गए। इंस्पेक्टर गिरीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस पर जबरन ट्रक चलवाने का आरोप

    दुर्घटना में मृत ध्रुव कुमार के पिता भूप सिंह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा एक्सप्रेसवे की मेंटीनेंस कंपनी एटलस में क्रेन चालक था, लेकिन नगला खंगर पुलिस ने जबरन उससे ट्रक को चलवाया।

    यदि पुलिस उसे जबरन ट्रक चलाकर ले जाने का दबाव न बनाती तो बेटे की जान न जाती। इस संबंध में थाना प्रभारी का कहना है कि जबरन कार्य नहीं कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाना कंपनी के कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।