विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाबा नीम करौली, 65 साल पहले पैतृक गांव अकबरपुर को छोड़ आगरा चला गया था परिवार

By Puneet Kumar Rawat Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 26 Aug 2026 11:50 PM (IST)

बाबा नीम करौली का परिवार 65 साल पहले पैतृक गांव अकबरपुर छोड़कर आगरा बस गया था, लेकिन विशेष अवसरों पर ...और पढ़ें

बाबा नीम करौली।

बाबा नीम करौली।

पुनीत रावत, टूंडला (फिरोजाबाद)। बाबा नीम करौली (वास्तविक नाम: बाबा नीब करोरी) महाराज का परिवार करीब 65 साल पहले अकबरपुर से निकलकर आगरा के गोपालपुरा में बस गया था। हालांकि गांव उन्होंने पूरी तरह से नहीं छोड़ा था। विशेष दिवसों और आयोजनों पर परिवार के लोग गांव आते थे। वह सभी पैतृक मकान में ही रुकते थे।

बाबा नीब करोरी महाराज का जन्म धनी ब्राह्मण और जमींदार परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम दुर्गा प्रसाद शर्मा था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार 11 वर्ष की अल्प आयु में उनका विवाह राम बेटी शर्मा के साथ हो गया था। उनके दो बेटे अनेक सिंह और धर्म नारायण शर्मा और एक बेटी गिरजा शर्मा हुईं। शादी के कुछ वर्ष बाद ही वह महात्मा हो गए और घर छोड़कर चले गए थे

उन्हें छोटी उम्र में ही ज्ञान हो गया था। हालांकि बाद में वह वापस गृहस्थ जीवन में आए थे। ग्रामीण बताते हैं कि बाबा का परिवार गांव छोड़कर करीब 1958 में आगरा के गोपालपुरा में जाकर बस गया था। उसके बाद से बाबा बहुत कम ही घर में रहते थे। वह भ्रमण पर अधिक रहते थे। बाबा के परिवार के लोग तीज त्योहार या विशेष दिनों में गांव अकबरपुर आते थे।

बाबा जब भी भ्रमण से वापस आते थे तो आगरा में ही आते थे। अकबरपुर बहुत कम ही आना होता था। नागऊ ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान अजय पाल का कहना है कि अकबरपुर हमारी ग्राम पंचायत का मजरा है। यहां पहले कोई नहीं आता था, इस गांव का नाम भी अधिकतर लोग नहीं जानते थे। वर्ष 2000 के आस-पास जब यहां मंदिर बना और भंडारा शुरू हुआ तो लोगों का आवागमन शुरू हो गया

बाबा के मकान की देखरेख ट्रस्ट से पहले परिवार के ही लोग करते थे। अब ट्रस्ट द्वारा की जाती है। परिवार का कोई व्यक्ति आता है तो वही यहां रुकता है। नातिन (पौत्री) दामाद मनोज रावत का कहना है कि वह मामले को लेकर मंडलायुक्त से मुलाकात करेंगे। मामले में डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित हो, ऐसी मांग करेंगे।

मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग करा रहा विकास कार्य

मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिसमें 8.65 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक बहुउद्देश्यीय कन्वेंशन सेंटर (मल्टीपरपज हाॅल) का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। इस हाॅल में दो कमरे भी बनवाए गए हैं। कन्वेंशन सेंटर में मल्टीपरपज, सांस्कृतिक ब्लाॅक और एक आधुनिक एग्जीबिशन हाॅल बनाया जा रहा है।

इस एग्जीबिशन हाल में नीब करोरी बाबा के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु उनके जीवन दर्शन को करीब से समझ सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। पार्किंग के समीप ही शौचालय का निर्माण कार्य हो रहा है।

यह भी पढ़ें- बाबा नीम करौली के पैतृक घर पर कब्जे का विवाद, नातिनों ने हनुमान ट्रस्ट के खिलाफ खोला मोर्चा