यात्री बनकर पहुंचे फिरोजाबाद ARTO, किराया तय होने के बाद भेड़-बकरियों की तरह बस में बैठाया; तीन स्लीपर कोच सीज
फिरोजाबाद एआरटीओ ने यात्री बनकर सुभाष तिराहा पर स्लीपर बसों की चेकिंग की। अत्यधिक सवारियां और पार्सल भरे होने पर तीन बसों को सीज कर 1.11 लाख का जुर्मा ...और पढ़ें

स्लीपर कोच बस को सीज करने की कार्रवाई करते एआरटीओ फिरोजाबाद।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। रात के 11.30 बज रहे थे..। शहर के सुभाष तिराहा पर स्लीपर कोच बसों के चालक दिल्ली, जयपुर और अन्य स्थानों के लिए सवारी भर रहे थे। इसी दौरान यहां एक यात्री पहुंचा और दिल्ली जाने के कहकर बस में घुस गया। अंदर हालात काफी खराब थे।
भेड़-बकरियों की तरह यात्री भरे होने के साथ बेहिसाब पार्सल भरे हुए थे। यह देख यात्री का पारा चढ़ गया। यात्री ने जब चालक-परिचालक को बताया कि वे एआरटीओ हैं तो वह सन्न रह गए। एआरटीओ ने मौके पर मिलीं तीन बसों को सीज कर 1.11 लाख का जुर्माना लगाया।
बुधवार की रात एआरटीओ प्रेम सिंह विभागीय टीम के साथ चेकिंग पर निकले थे। उन्होंने एसपी सिटी कार्यालय के निकट अपनी सरकारी गाड़ी खड़ी कर दी थी। इसके बाद पैदल सुभाष तिराहा पहुंच गए। यहां तीन स्लीपर बसें खड़ी होकर सवारियां बिठा रही थीं। उन्होंने आते ही दिल्ली का किराया पूछा। 250 रुपये तय करने के बाद एक बस में चढ़ गए।
बस चालक उन्हें पहचान नहीं पाए। इसलिए वह उनके सामने भी काफी देर तक अन्य लोगों की मदद से सवारियों को बिठाते रहे। इसी दौरान उनकी टीम गाड़ी लेकर वहां पहुंची। जिसे देख सवारी बिठाने वाले युवक भाग गए। एआरटीओ ने टीम के साथ बसों के मानक और दस्तावेज चेक किए।
खबरें और भी
टैक्स के अलावा कई मानक अधूरे पाए जाने पर तीनों बसों को सीज कर रोडवेज बस स्टैंड परिसर में खड़़ा करा दिया। पीछे से आने वाले बस चालक सिक्स लाइन हाइवे से होकर निकल गए। एआरटीओ ने बताया कि दुर्घटनाओं में कमी लाने और स्लीपर बसों के मानक पूरे कराने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।