फिरोजाबाद एन्काउंटर: बदमाशों ने अपनाया फिल्मी अंदाज...ट्रेन में बच्चे को बनाया ढाल, एसओजी से बचने को स्कूल में घुसे; छात्र बनाए बंधक
फिरोजाबाद में हुए एन्काउंटर में पुलिस ने दो बदमाशों को ढेर कर दिया। बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रेन और स्कूल में बच्चों को ढाल बनाया और बंधक भी ...और पढ़ें

घायल बदमाशों को अस्पताल ले जाती पुलिस।
HighLights
बदमाशों ने मुरी एक्सप्रेस में बच्चे को ढाल बनाया।
पुलिस से बचने को स्कूल में बच्चों को बंधक बनाया।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। फिरोजाबाद में हुए एन्काउंटर से पहले बदमाशों ने बिल्कुल फिल्मी अंदाज अपनाया। पुलिस की गोलियों से बचने को बदमाशों ने बच्चों को दो बार ढाल की तरह इस्तेमाल किया। एक स्कूल में घुसकर बच्चों को बंधक भी बनाया। पुलिस ने बहुत सावधानी के साथ बदमाश ढेर किए, ताकि किसी बच्चे को कोई नुकसान न पहुंचे।
शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह 11 बजे इटावा एसओजी और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाशों ने दो बार बच्चों को ढाल बनाने का प्रयास किया। इटावा में तीन जुलाई को चिकित्सक से हुई लूट में शामिल तीन में से दो बदमाशों के गाजियाबाद से झारखंड भागने के लिए मुरी एक्सप्रेस में होने की सूचना पर इटावा एसओजी ने प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी ट्रेन की घेराबंदी की थी।
कुछ सिपाही बदमाशों को पकड़ने के लिए एक जनरल कोच में घुसे। इसी दौरान बदमाशों की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने पास में बैठी एक महिला रेल यात्री का बच्चा उठा लिया और उस पर तमंचा तानकर धमकाया। जिससे पुलिसकर्मी जहां के तहां रुक गए। बदमाश बच्चे को लेकर कोच के गेट तक आए और उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
इसके बाद एसओजी ने भी दौड़कर उनका पीछा करना शुरू किया तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिससे दो सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। रास्ते में बदमाश एक राजमिस्त्री की बाइक लूटकर भागे, लेकिन उसका पेट्रोल खत्म होने पर प्राथमिक विद्यालय नगला कन्हई में दीवार कूदकर घुस गए। वहां उन्होंने बच्चों को बंधक बनाकर बचने का प्रयास किया।
खबरें और भी
एक बच्चे की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन खुद को घिरता देख बच्चे को छोड़कर कुछ देर बाद वहां से भी भाग निकले। इस दौरान फिरोजाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक बदमाश को पुलिस ने गांव नीम खेरिया में मार गिराया।
वहीं दूसरा वहां से बचकर भाग गया। उसकी तलाश में आसपास क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। दोपहर एक बजे उसे भी मोहब्बतपुर अहीर में एक खेत में पुलिस ने मार गिराया।