बैग में 500-500 के नोटों की 79 गड्डियां, फिरोजाबाद ने 39.50 लाख रुपये संग पकड़े दो युवक; रकम की नहीं दी डिटेल
फिरोजाबाद में पुलिस ने एटा के दो बाइक सवार युवकों फरमान और शकील को 39.50 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा। आयकर विभाग ने रकम को संदिग्ध मानकर जब्त कर लिया ह ...और पढ़ें

पुलिस हिरासत में मंगलवार को पीछे खड़े नगदी के साथ पकड़े गए आरोपित, साथ में इंस्पेक्टर उत्तर अंजीश कुमार (बाएं से दूसरे) : जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। एटा के बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने मंगलवार दोपहर तीन बजे 39.50 लाख रुपये के साथ पकड़ा है। उनका कहना था कि वे यह रकम इटावा के एक युवक को यहां देने आए हैं।
जब काफी देर तक कोई नहीं आया तो पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की। इसके बाद आयकर की टीम को सूचना दी गई। मामला संदिग्ध नजर आने पर आयकर विभाग रकम सीज कर मामले की जांच कर रहा है।
थाना उत्तर पुलिस ने चेकिंग के दौरान जलेसर रोड से पकड़ा
इंस्पेक्टर अंजीश कुमार ने बताया कि क्राइम इंस्पेक्टर राकेश जायसवाल के नेतृत्व में टीम मंगलवार दोपहर जलेसर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस देखकर सकपका गए। वे पीछे लौटकर भागने लगे तो घेरेबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए फरमान और शकील निवासी अग्रेयान, थाना जलेसर, एटा के पास बैग में पांच-पांच सौ के नोटों की 79 गड्डियां मिलीं। बाइक फरमान चला रहा था, जबकि शकील रुपये से भरा बैग लेकर पीछे बैठा था।
आयकर विभाग की टीम ने भी दोनों युवकों से की पूछताछ
रकम के बारे में पूछताछ की गई तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर अपर निदेशक आयकर (जांच) विभाग संजय प्लेस आगरा को ई-मेल व मोबाइल से जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर आयकर अधिकारी संजीव कुमार ने थाने में आकर आरोपितों से पूछताछ की। आरोपित रकम के स्त्रोत, रकम लेने जाने के संबंध में समुचित जवाब नहीं दे पाए। इस पर टीम ने रकम को संदिग्ध मानकर सीजर की कार्रवाई की है।
इटावा के एक व्यक्ति को देनी थी रकम
इंस्पेक्टर अंजीश कुमार के अनुसार आरोपितों ने बताया कि उन्हें ये रकम जलेसर के मित्तल साहब ने दी थी, जो इटावा के एक युवक की देनी थी। वह फिरोजाबाद में मिलता, लेकिन वह इटावा के युवक का नाम, पता नहीं बता सके। केवल उनके पास मोबाइल नंबर है। पुलिस मोबाइल नंबर के बारे में जांच कर रही है। आशंका है कि यह रकम हवाला की भी हो सकती है।