फिरोजाबाद में दो बहनों को सांप ने डंसा, 10 घंटे में दोनों की मौत, बारिश के मौसम में बढ़े केस; बरतें ये सावधानियां
फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र में दो बहनों की सांप के डसने से आगरा मेडिकल कॉलेज में 10 घंटे के अंतराल पर मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। बारिश क ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बारिश में बढ़े सर्पदंश के मामले, झाड़-फूंक से बचें।
सरकार देती है सर्पदंश से मृत्यु पर चार लाख की मदद।
संवाद सूत्र, नारखी (फिरोजाबाद)। बारिश का मौसम शुरू होते ही सांप के डसने की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई मामलों में उपचार के बाद भी लोगों की जान जा रही है। नारखी क्षेत्र में रहने वाली दो बहनों की आगरा मेडिकल कालेज में 10 घंटे के अंतर पर मृत्यु हो गई। जिससे परिवार में चीखपुकार मच गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
नारखी के गांव दौलतपुर निवासी अशोक कुमार राजा का ताल स्थित एक कारखाने में काम करते हैं। उनकी छह बेटियां हैं। शुक्रवार रात पांचवें नंबर की नौ वर्षीय बेटी खुशी और छठवें नंबर की छह वर्षीय जाह्नवी बिस्तर पर एक साथ सो रहीं थीं। रात तीन बजे दोनों के पैर में सांप ने कांट लिया। चीख सुनकर स्वजन की नींद खुली। दोनों को गंभीर हालत में पांच बजे सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कालेज आगरा रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रविवार रात आठ बजे खुशी की मृत्यु हो गई। वहीं सोमवार सुबह छह बजे जाह्नवी ने भी दम तोड़ दिया। स्वजन दोनों के शव लेकर घर पहुंचे तो चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पिता ने बताया कि खुशी कक्षा दो और जाह्नवी नर्सरी में पढ़ती थी। मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाथ था। थानाध्यक्ष राकेश गिरी ने बताया कि सांप के काटने से दोनों बहनों की मृत्यु की बात सामने आई है।
दो दिन पहले किशोर की हुई थी मृत्यु
इससे पहले एका के नगला भाट गांव में शुक्रवार रात सोते समय 11 वर्षीय देवांशु को सांप ने काट लिया था। पहले स्वजन झाड़ फूंक कराते रहे। जब तबीयत और बिगड़ी तो पहले एटा और फिर आगरा एसएन मेडिकल कालेज ले गए। जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था। एक सप्ताह पूर्व लाइनपार में एक युवक की सांप के काटने से मृत्यु हो गई थी।
खबरें और भी
वहीं बसई मोहम्म्दपुर में दुकानदार को खूंटी से कपड़ा उतारते समय सांप ने काट लिया था। समय से सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचने से दुकानदार को जान बच गई।
सांप या जहरीले कीड़े के काटने पर झाड़ फूंक न गवाएं समय
सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डा. मनोज कुमार ने बताया कि सर्प या जहरीले कीड़े काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें। बिना देर किए मरीज को अस्पताल ले जाना चाहिए। पीड़ित को बिल्कुल शांत और स्थिर रखें। घबराने और हिलने-डुलने से जहर तेजी से फैलता है। काटे गए स्थान को पानी से धीरे-धीरे साफ करें। इसके अलावा इन बातों को ध्यान रखें।
- घास-फूस या झाड़ियों में जाने से पहले डंडे से उस जगह को हिला लें।
- खेतों या अंधेरे में जाते समय हमेशा पैंट, जूते और मोजे पहनें।
- अंधेरे में बाहर निकलने पर हमेशा टार्च का उपयोग करें और जमीन पर सोने से बचें।
- रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
चार लाख रुपये की मदद देती सरकार
सर्पदंश से मृत्यु के मामले में सरकार इस दैवीय आपदा मानते हुए पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देती है, लेकिन इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्पदंश से मृत्यु की पुष्टि होना आवश्यक है। पुलिस से जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम इसमें स्वयं पीड़ित परिवार से संपर्क करती है।