गाजियाबाद की युवती से 'निर्भया' जैसी क्रूरता, पेचकस और चाकू से हैवानियत; फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर मिली लहूलुहान हालत में
गाजियाबाद की एक युवती को शादी का झांसा देकर शिकोहाबाद का युवक फिरोजाबाद ले आया और ईंट, पेचकस व चाकू से क्रूरतापूर्वक हमला कर रेलवे स्टेशन पर छोड़ गया। ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। गाजियाबाद की एक युवती को शिकोहाबाद को युवक शादी का झांसा देकर अपने साथ ले आया। इसके बाद उसके साथ हद दर्जे की क्रूरता की। ईंट, पेचकस और चाकू से उसके शरीर को लहूलुहान कर दिया। इसके बाद बुधवार रात फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग गया। निर्भया जैसी हालत में वह पड़ी मिली। जीआरपी ने उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर गाजियाबाद के सिहानी थाने की पुलिस और स्वजन दोपहर में आ गए। युवती के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई गई है।
मूल रूप से हरदोई के थाना सांडी क्षेत्र की एक युवती परिवार के साथ गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। उसी मकान में शिकोहाबाद क्षेत्र के शंभू नगर निवासी अभय कुमार उर्फ राजा भी किराए पर रहता था।
आरोप है कि आठ जुलाई को अभय कुमार उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले आया। युवती की मां ने इस संबंध में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। आरोप है कि अभय पहले उसे लेकर इधर-उधर घूमता रहा। पांच दिन पहले अपने घर पहुंचा तो उसके स्वजन नाराज हो गए। इसके बाद उसे पांच दिन तक भूखा-प्यासा रखा।
बुधवार की शाम आरोपित ने पेचकस, चाकू और ईंट से युवती के सिर, गले, हाथ और सीने पर एक दर्जन से अधिक वार कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे लेकर फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा। प्लेटफार्म नंबर तीन पर मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गया। रात 10 बजे जीआरपी के सिपाहियों ने युवती को इस हालत में पड़े देखा तो पूछताछ की।
खबरें और भी
जीआरपी इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि युवती ने बताया कि अभय के घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए उसने उसे बेरहमी से मारापीटा। इसके बाद यहां लाकर उसे दो हजार रुपये और गाजियाबाद का टिकट देकर छोड़ गए। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए मेडिकल कराया गया है। गुरुवार सुबह गाजियाबाद पुलिस और उसके स्वजन आ गए। आगे की कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस ही करेगी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो लोग
जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक और एक वृद्ध युवती को लेकर आते दिख रहे हैं। उन्होंने टिकट घर की ओर से प्रवेश किया। वहां से टिकट लेने के बाद ओवर ब्रिज से होते हुए प्लेटफार्म नंबर तीन पर छोड़ गए। आशंका है कि फुटेज में दिख रहा युवक आरोपत और वृद्ध उसका पिता है।