दौलतनगर कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बीमारियों का खतरा बढ़ा
लोनी की दौलतनगर कॉलोनी में हल्की बारिश में भी गलियों में जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। ...और पढ़ें

HighLights
हल्की बारिश में भी दौलतनगर की गलियों में जलभराव।
जल निकासी के अभाव में मच्छर जनित रोगों का खतरा।
शिकायतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं।
संवाद सहयोगी, लोनी। दौलतनगर कालोनी में हल्की वर्षा में ही गलियों में जलभराव हो जाता है। जल निकासी के प्रबंध न होने से नालियों का पानी भी गलियों में ही भरा रहता है।
वर्षा के बाद लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। गलियां नीची होने के कारण गलियों में भरे पानी को निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है।
लोगों का कहना है कि पानी से होकर ही गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी तो स्कूली बच्चों को होती है। पानी में गिरकर बच्चों क किताबें और ड्रेस भी खराब हो जाती है।
लंबे समय से जलभराव होने से मच्छर पनप रहे हैं। इससे लोगों में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसे रोगों के फैलने का खतरा बना है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद भी अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं।
लंबे समय से जलभराव से मच्छर पनप रहे हैं। लोगों को संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा सता रहा है। नगर पालिका अधिकारी जल निकासी की व्यवस्था नहीं कर रहे।
- खातून बेगम, स्थानीय निवासी
गलियों में जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है। इसके बाद भी निस्तारण करने के बजाय केवल आश्वासन मिला है। समाधान नहीं हो रहा है।
- प्रमिला देवी, स्थानीय निवासी
पानी निकासी की व्यवस्था नही है। नालियां नीची व क्षतिग्रस्त होने से गलियां तालाब बन गई हैं। लोगों को गंदे पानी से निकल कर जाना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों को सर्वाधिक परेशानी होती है।
- विवेकानंद, स्थानीय निवासी
दौलतनगर कॉलोनी की गलियों में प्रतिदिन सफाई की जा रही है। जलभराव का मामला संज्ञान में आया है। जल निकासी कर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
- राजकुमार, सफाई निरीक्षक नगर पालिका, लोनी