जीडीए खर्च करेगा ₹28 करोड़ रुपये, ई-टेंडर जारी; मधुबन बापूधाम में जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के पॉकेट-ए में बाह्य विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइट पर 28.36 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह पहल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और रोशनी व्यवस्था को मजबूत कर आवासीय गतिविधियों को बढ़ावा देगी, जिसके लिए ई-टेंडर जारी किए गए हैं।
-1786779594715_m.webp)
मधुबन बापूधाम में जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें। फोटो - AI जनरेटेड
HighLights
जीडीए मधुबन बापूधाम में 28.36 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
बाह्य विद्युतीकरण और आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।
आवासीय गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और सुविधाएं सुधरेंगी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के पाकेट-ए की बाह्य विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधार के लिए जीडीए 28.36 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के साथ रात में सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था मजबूत होगी और आवासीय गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी। इसके लिए प्राधिकरण ने ई-टेंडर जारी किए हैं।
मधुबन बापूधाम योजना में भूखंडों के आवंटन के साथ आवासीय विकास भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली, सड़क और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
आधारभूत ढांचा और मजबूत होगा
अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बाह्य विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइट का काम पूरा होने से पाकेट-ए में आधारभूत ढांचा और मजबूत होगा। इससे आवंटियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में आवासीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नौ माह में पूरा करना होगा कार्य
बाह्य विद्युतीकरण के कार्य पर जीडीए 21.49 करोड़ रुपये खर्च करेगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को यह कार्य नौ माह में पूरा करना होगा।
यह भी पढ़ें- मधुबन बापूधाम में घर का सपना होगा तय, आवासीय योजना में 350 प्लॉट की लॉटरी होगी लाइव
वहीं, पाकेट-ए में आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने पर 6.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्ट्रीट लाइट का कार्य छह माह में पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
