गाजियाबाद में खसरे का खौफ: लोनी में बुखार से दो साल की बच्ची की मौत, 3 दिन में सामने आए 15 नए मरीज
गाजियाबाद के लोनी में बुखार के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती दो बच्चियों में से एक, दो वर्षीय इरम की मौत हो गई। ...और पढ़ें

गाजियाबाद के लोनी में बुखार के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती दो बच्चियों में से एक, दो वर्षीय इरम की मौत हो गई।
HighLights
लोनी की दो वर्षीय बच्ची इरम की मौत।
दिल्ली के अस्पताल में बुखार के बाद भर्ती।
गाजियाबाद में खसरे के मामले तेजी से बढ़े।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बुखार के बाद हालत बिगड़ने पर लोनी की दो बच्चियों को दिल्ली के अस्पताल में तीन दिन पहले भर्ती कराया गया था। इनमें से एक बच्ची की मौत हो गई। डेथ रिपोर्ट में निमोनिया भी बताया गया है लेकिन खसरा जांच रिपोर्ट नेगेटिव बताई गई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को लिखित में दिए जाने पर मंगलवार को अधिकारियों का तनाव बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, लोनी स्थित संतोषी विहार कालोनी की दो बच्चियों इरम दो साल और हानिया सलमान एक साल को तीन दिन पहले बुखार के बाद हालत गंभीर होने पर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान इरम की मौत हो गई। कार्यवाहक सीएमओ डॉक्टर अमित विक्रम ने इसकी पुष्टि की है।
उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी जांच कराने पर पता चला है कि इरम की मौत सेप्सिस के कारण हुई है।दूसरी बच्ची हानिया सलमान की सेहत में सुधार है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संतोषी विहार इलाके में शून्य से लेकर पांच साल तक के बच्चों का नए सिरे से सर्वे शुरू कर दिया है।
खसरा संदिग्ध बच्चों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे। चौंकाने वाली बात यह है कि जिले में खसरा के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। तीन दिन पहले जनवरी से लेकर अब तक खसरा के केसों की संख्या 129 थी और मंगलवार को केसों की संख्या बढ़कर 144 पर पहुंच गई है।