Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: बंदरों के कूदने से निर्माणाधीन दीवार गिरी, स्कूल से लौट रहे तीन बच्चे घायल

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 08:08 PM (IST)

    इंदिरापुरम के मकनपुर में निर्माणाधीन मकान की दीवार बंदरों के कूदने से गिर गई, जिससे तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। ...और पढ़ें

    दीवार गिरने से घायल बच्चे। जागरण

    दीवार गिरने से घायल बच्चे। जागरण

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के मकनपुर में शुक्रवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान के तीसरी मंजिल पर बने छज्जे की दीवार गिरने से तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए।

    दीवार की चिनाई करते समय बंदरों के कूदने के कारण दीवार गिरी और ईंट की चपेट में आकर बच्चे घायल हुए। बच्चों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

    पुलिस ने बताया कि मकनपुर गांव में निर्देश शर्मा के मकान का काम चल रहा है। मकान में छह मंजिला लेंटर डल गया है जबकि अब छज्जों का निर्माण कार्य चल रहा है।

    शुक्रवार को तीसरी मंजिल पर छज्जे की दीवार की चिनाई चल रही थी। इस दौरान अचानक दीवार पर बंदर आकर कूद गए। इससे दीवार का ऊपरी हिस्सा गिर गया। इस दौरान मकनपुर में रहने वाले तीन छात्र वैशाली सरकारी स्कूल से वापस लौट रहे थे, वह ईंटों की चपेट में आ गए और घायल हो गए।

    घायल छात्रों में मकनपुर के रहने वाले कक्षा छह का 11 वर्षीय हृदयेश पुत्र वीर सिंह, 13 वर्षीय मोनू पुत्र राजकुमार और कक्षा सात में पढ़ने वाला 14 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र वीर सिंह शामिल हैं।

    मोनू और कृष्णपाल के सिर में आई चोट

    मोनू और कृष्णपाल के सिर में चोट आई है जबकि हृदयेश के बाजू और पैर में चोट आई है। बच्चों के शोर मचाने पर लोग एकत्र हुए और निर्देश शर्मा ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों बच्चों की स्थिति सामान्य है।

    हृदयेश और कृष्णपाल सगे भाई हैं। दो साल पहले तक तीनों बच्चे मकनपुर स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। वर्तमान में वह वैशाली सेक्टर-पांच स्थित स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे शुक्रवार को स्कूल नहीं पहुंचे थे।

    जबकि बच्चों ने बताया कि स्कूल की जल्दी छुट्टी हो गई थी और वे घर लौट रहे थे। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

    तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: बच्चों को कमरे में बंद कर महिला लापता, पति ने भांजे पर लगाया आरोप

    खबरें और भी