गाजियाबाद कैश वैन लूटकांड बड़ी साजिश या सुरक्षा में सेंध? ये 5 सवाल बने अधिकारियों के गले की फांस
गाजियाबाद में NH-9 पर 25 लाख की कैश वैन लूट मामले में पुलिस अभी तक बदमाशों को पकड़ नहीं पाई है। जांच अंदरूनी जानकारी रखने वाले लोगों पर केंद्रित है, ज ...और पढ़ें
-1778126269096_m.webp)
कृष्णा नगर बागु में एटीएम वैन में हुई लूट की घटना के बाद मौके पर जांच करती पुलिस। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में एनएच-9 पर बुधवार को दिनदहाड़े हुई 25 लाख रुपये की कैश वैन लूट के मामले में पुलिस अभी तक बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि, जांच अब अंदरूनी जानकारी रखने वाले लोगों के इर्द-गिर्द घूम रही है। पुलिस को शक है कि बदमाशों को कैश वैन की गतिविधियों, रूट और नकदी डालने की पूरी जानकारी पहले से थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कैश वैन कर्मचारियों से जुड़े कुछ लोगों और उनके पुराने संपर्कों को जांच के दायरे में लिया गया है। कर्मचारियों के मोबाइल कॉल डिटेल, हाल की बातचीत और आर्थिक लेन-देन की जानकारी भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाशों को एटीएम में कैश डालने का सटीक समय और लोकेशन कैसे मिली।
150 मीटर दूर खड़ी थी वैन
कृष्णा नगर क्षेत्र में कैश डालने के दौरान वैन करीब 150 मीटर दूर खड़ी थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर वैन को कब्जे में लिया और फरार हो गए। पुलिस की आठ टीमें लगातार गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दिनदहाड़े फायरिंग कर कैश वैन लूटी, 25 लाख नकदी निकाल पैदल ही भागे बेखौफ बदमाश
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना के पर्दाफाश की उम्मीद है।
एटीएम कैश वैन के लिए ये हैं सुरक्षा मानक
- वैन ऐसी जगह पर खड़ी हो, जहां से गार्ड गाड़ी व नकदी डालते समय एटीएम बूथ पर भी नजर रख सके
- एक से दो सुरक्षा गार्ड हथियार से लैस होने चाहिए
- वैन की बॉडी मजबूत या बुलेट प्रूफ होनी चाहिए
- दरवाजे डबल लॉक सिस्टम से सुरक्षित होने चाहिए
- वैन में जीपीएस, अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे जरूरी, ताकि कंट्रोल रूम को हर गतिविधि की जानकारी मिले
- रूट और पहुंचने का समय गोपनीय रखा जाना चाहिए
- पैनिक बटन होना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में समय रहते कंट्रोल रूम को सूचना मिल सके
यह मानकों के उल्लंघन के साथ पूर्व नियोजित साजिश तो नहीं?
- कैश वैन के कर्मचारी हर बार एटीएम बूथ के बाहर वैन खड़ी करते थे तो बुधवार को एटीएम से 150 मीटर दूर वैन क्यों खड़ी की गई?
- कैश वैन में न तो जीपीएस था और न ही पैनिक बटन, सुरक्षा इंतजामों की इतनी अनदेखी क्यों की गई?
- एक ही सुरक्षा गार्ड था तो चालक को नकदी के साथ अकेला छोड़कर गार्ड के साथ कर्मी क्यों चले गए?
- बदमाशों को कैश वैन के एनएच-9 पर खड़े होने और चालक के अकेले होने की जानकारी कैसे मिली?
- क्या उन्हें पूर्व से रूट व समय पता था?