Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा के चलते गाजियाबाद में ई-बसें बंद, हजारों यात्रियों को परेशानी; विभाग को लाखों का नुकसान

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 08:31 PM (GMT+05:30)

    कांवड़ यात्रा के कारण गाजियाबाद में ई-बसों का संचालन 11 अगस्त तक रोक दिया गया है, जिससे 7,000 यात्री प्रभावित हुए हैं। ...और पढ़ें

    बंद पड़ी ई-बसें। जागरण

    बंद पड़ी ई-बसें। जागरण

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कांवड़ यात्रा के चलते शहर में अंदर के मार्ग जगह-जगह से बंद होने के कारण ई-बसों का संचालन पर 11 अगस्त तक के लिए पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इससे शहर के करीब सात हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    रोजाना ई-बसों से सफर करने वाले लोग अधिक किराया चुका कर अन्य वैकल्पिक व्यवस्था से गंतव्य स्थान तक पहुंच रहे हैं। वहीं, नगर विकास विभाग को रोजाना 2.5 लाख का नुकसान हो रहा है।

    नगर विकास विभाग द्वारा शहर में लोनी, मसूरी, गोविंदपुरी, एएलटी समेत सात रूटों पर कुल 35 ई-बसों का संचालन किया जाता है। बुधवार से ई-बसों का संचालन सभी रूटों पर बंद कर दिया गया था।

    बसों के बंद होने से इन रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों को हो रही है। उन्हें अब वैकल्पिक व्यवस्था कर गंतव्य स्थान तक जाना पड़ रहा है।

    ज्यादातर लोग आटो व कैब का उपयोग कर रहे हैं जो खुले हुए मार्गों से उनकी कंपनी या कार्यालय तक पहुंचा रहे हैं। किलोमीटर बढ़ने के कारण उन्हें शुल्क भी अधिक चुकाना पड़ रहा है।

    सात दिन में 15 लाख राजस्व का होगा नुकसान

    ई-बसों से रोजाना दो से 2.25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। एक तरफ यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर नगर विकास विभाग को अगले छह दिन तक राजस्व का नुकसान झेलना पड़ा है। 11 अगस्त तक यही स्थिति बनी रहेगी। इससे करीब 15 लाख रुपये राजस्व का नुकसान होगा।

    शहर में जगह-जगह ई-बसों का इंतजार करते दिखे लोग

    यात्री जगह-जगह ई-बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। कौशांबी डिपो पर दादरी व तिगड़ी गोल चक्कर जाने वाले यात्री बसों का इंतजार करते रहे। वहीं मोहननगर, अर्थला, नया बस अड्डा समेत विभिन्न स्थानों पर लोग ई-बसों का इंतजार करते दिखे। लोगों ने बताया कि आटो वाले भी दो से तीन गुना तक किराया वसूल रहे हैं।

    खबरें और भी

    ई-बस बंद होने से ये रूट हुए प्रभावित

    • पुराना बस अड्डा से लोनी।
    • दिलशाद गार्डन से मसूरी।
    • कौशांबी से गोविंदपुरी।
    • कौशांबी से दादरी।
    • कौशांबी से एएलटी सेंटर।
    • कौशांबी से कन्नौजा।

    कांवड़ यात्रा के चलते शहर के अंदर के ज्यादातर मार्ग बंद हैं। इस कारण ई-बसों का संचालन बंद करना पड़ा है। अगले छह दिन तक बसों का संचालन नहीं होगा।

    -केसरी नंदन चौधरी, प्रबंध निदेशक, गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड।