85 देशों के सामने चमकेगा गाजियाबाद, UPITS में लगेंगे स्पेशल स्टाॅल; विदेश में बाजार तलाशेंगे उद्यमी
गाजियाबाद के उद्यमी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रदर्शित करेंगे।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा गाजियाबाद का जलवा। फोटो: आर्काइव
HighLights
गाजियाबाद के उद्यमी UPITS में वैश्विक बाजार में दस्तक देंगे
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में ट्रेड शो आयोजित होगा
परफ्यूम, टेक्सटाइल, मेटल क्राफ्ट जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में जिले के उद्यमी अपने उत्पादों के साथ दुनिया के बाजार में दस्तक देंगे। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने वाले ट्रेड शो में जिले के अलग-अलग उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
यहां 85 देशों से आने वाले खरीदारों के सामने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन प्रदर्शित की जाएगी। इसमें ऑस्ट्रिया, जापान, रशिया, सिंगापुर और वियतनाम UPITS के पार्टनर देशों में शामिल हैं।
एमएसएमई हाल में जिले के स्टॉल पर परफ्यूम, कैंडल, अचार-चटनी, हैंडब्लॉक प्रिंट, टेक्सटाइल गारमेंट, होम फर्निशिंग, फैशन ज्वेलरी, आयुर्वेदिक और लाइफस्टाइल उत्पाद नजर आएंगे।
वहीं ओडीओपी हाल में हैंडलूम, टेक्सटाइल, गारमेंट, मेटल क्राफ्ट, प्लास्टिक तथा आयरन-स्टील उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। ट्रेड शो में उद्यमियों की नजर केवल उत्पाद प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है।
नए खरीदारों से संपर्क और विदेशों में बाजार तलाशना भी उनका लक्ष्य है। खासकर टेक्सटाइल, गारमेंट, हैंडलूम और मेटल क्राफ्ट जैसे उत्पाद गाजियाबाद के कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का मौका देंगे।
ज्वेलरी तक की दिखेगी रेंज
न्यू एक्सपो हाल-14 में भी फूड, फैशन, हैंडलूम, स्पोर्ट्स गुड्स, लेदर, होम डेकोर, इन्फ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी श्रेणियों के उत्पाद शामिल हैं। इससे गाजियाबाद के उद्यमियों को पारंपरिक उत्पादों के साथ आधुनिक लाइफस्टाइल और औद्योगिक उत्पादों को भी खरीदारों के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
नए खरीदारों की साधने की होगी कोशिश
UPITS में देश-विदेश से आने वाले खरीदारों के बीच स्थानीय उद्यमियों की नजर नए कारोबारी संपर्क और निर्यात के अवसरों पर रहेगी। खासतौर पर टेक्सटाइल, गारमेंट, हैंडब्लॉक प्रिंट, मेटल क्राफ्ट और फैशन से जुड़े उत्पाद गाजियाबाद की औद्योगिक पहचान को नए बाजार से जोड़ने का माध्यम बनेंगे।
सरकार को एग्जिबिटर से विजिटर्स, ब्रांड और लोकल मार्केट व ग्लोबल मार्केट से मिले आर्डर के आधार पर बिजनेस का असल डेटा लेना चाहिए। ताकि वह सही डेटा के आधार पर सुधार की योजना बना सकें। एमएसएमई के लिए उन्हें सब्सिडी वाली कैटेगरी में बड़े स्टॉल के लिए सब्सिडी की सीमा पर भी विचार जरूरी है।
- नीरज सिंघल, आइआइए निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष
देश के विभिन्न राज्यों में हमारे उत्पाद बड़े पैमाने पर भेजे जा रहे हैं। पिछले चार वर्षाें से इंडस्ट्री में हैं। UPITS से उम्मीद है कि बेहतर विदेशी खरीदार मिलेंगे तो अपने उत्पादों का निर्यात करेंगे।
- दीपक गोयल, निदेशक सजावट होम
अभी हम अपने उत्पादों को निर्यात करने की दिशा में काम कर रहे हैं। वैसे देश के अधिकांश राज्यों में हमारी कंपनी के उत्पादों को पसंद किया जाता है। उम्मीद है निर्यात की दिशा में UPITS इसका बेहतर माध्यम होगा।
- अनुज गोयल, मैनेजिंग डायरेक्टर डिस्ट्रिक्ट नाइन
यह भी पढ़ें- Exclusive: लाभार्थी बताएंगे सफलता की कहानी, सरकारी योजनाओं की बनेगी Reels; 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
