विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी जासूसी नेटवर्क: मनी ट्रेल में 15 बैंक खातों से फंडिंग का खुलासा, गाजियाबाद पुलिस की बड़ी पड़ताल

By Vinit Edited By: Sonu Suman
Published: Mon, 30 Mar 2026 10:46 PM (IST)

गाजियाबाद के कौशांबी जासूसी नेटवर्क की जांच अब मनी ट्रेल तक पहुंच गई है। पुलिस को 15 बैंक खातों का ...और पढ़ें

कौशांबी जासूसी नेटवर्क की जांच मनी ट्रेल तक पहुंच गई।

कौशांबी जासूसी नेटवर्क की जांच मनी ट्रेल तक पहुंच गई।

HighLights

  1. कौशांबी जासूसी नेटवर्क की मनी ट्रेल जांच में 15 खाते मिले।

  2. दो वर्षों में इन खातों से 10 लाख रुपये का लेनदेन हुआ।

  3. संवेदनशील स्थानों की जानकारी भेजने के लिए सीमापार से फंडिंग।

विनीत कुमार, गाजियाबाद। कौशांबी थानाक्षेत्र में उजागर हुए जासूसी नेटवर्क की जांच अब मनी ट्रेल तक पहुंच गई है। पुलिस को आरोपितों से जुड़े 15 बैंक खातों का पता चला है, जिनमें बीते दो वर्षों में करीब 10 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। ये खाते बंगाल, पंजाब और प्रदेश के कुछ शहरों में खुले पाए गए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन खातों के जरिये आरोपितों को अलग-अलग खातों से धनराशि ट्रांसफर की गई है। संवेदनशील स्थानों की फोटो-वीडियो और लोकेशन भेजने के बदले भुगतान इन्हीं खातों के माध्यम से किया जा रहा था।

सीमापार से जुड़े हो सकते हैं फंडिंग के तार 

पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि जिन खातों से पैसा ट्रांसफर हुआ वह किन लोगों के हैं और उनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इन खातों में आने वाली रकम का स्रोत क्या है। आशंका है कि फंडिंग के तार सीमापार से जुड़े हो सकते हैं।

जांच एजेंसियां बैंक खातों की डिटेल, ट्रांजेक्शन पैटर्न और संदिग्ध लेनदेन की जांच में जुटी हैं। संबंधित खाताधारकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है। मालूम हो कि कौशांबी थाना पुलिस ने 14 मार्च को भोवापुर क्षेत्र से छह लोगों को गिरफ्तार कर इस जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था।

फोटो-वीडियो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेजते थे

आरोपित रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों के फोटो-वीडियो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेजते थे। इसके बदले उन्हें आनलाइन माध्यम से भुगतान किया जाता था। पुलिस ने उनके पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए थे, जिनमें विदेशी नंबरों से चैट और लोकेशन शेयरिंग के साक्ष्य मिले थे।

मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मनी ट्रेल के आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने का प्रयास किया जा रहा है और संदिग्ध खातों की जांच जारी है। - धवल जायसवाल, डीसीपी सिटी

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद MMG अस्पताल में सांस की दिक्कत से छह की मौत, प्रदूषण बना जानलेवा