गाजियाबाद के गंगा-यमुना-हिंडन अपार्टमेंट में 10 लिफ्ट होंगी दुरस्त, एक महीने में मिलेंगे छह ट्रांसफार्मर
गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में लंबित समस्याओं पर आवास विकास परिषद और आरडब्ल्यूए के बीच बैठक हुई। ...और पढ़ें

सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट की फाइल फोटो।
HighLights
10 लिफ्ट की मरम्मत मूल कंपनी ओटिस द्वारा होगी।
एक माह में छह नए ट्रांसफार्मर जारी किए जाएंगे।
जर्जर भवनों की मरम्मत और गंगाजल आपूर्ति पर भी चर्चा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट की लंबित समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल और आवास विकास परिषद के अधिकारियों के बीच बैठक हुई।
बैठक में सोसायटी की शेष 10 लिफ्ट की मरम्मत मूल निर्माता कंपनी (ओईएम) ओटिस से कराने पर सहमति बनी। साथ ही एक माह के भीतर छह ट्रांसफार्मर जारी करने का भी निर्णय लिया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एएन त्रिपाठी ने बताया कि यह बैठक लखनऊ में आवास आयुक्त से हुई वार्ता के बाद उनके निर्देश पर आयोजित की गई। बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता सीपी सिंह, गाजियाबाद वृत्त के अधीक्षण अभियंता एके मित्तल और लिफ्ट लगाने वाली कंपनी ओटिस के अधिकारी मौजूद रहे।
लिफ्ट समिति के सदस्य कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि पहले गैर-ओईएम वेंडर को 62 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया था, लेकिन आरडब्ल्यूए की शिकायत पर इसे निरस्त कर ओटिस को कार्य सौंपने का निर्णय लिया गया।
कंपनी ने करीब 80 लाख रुपये की लागत से आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट के साथ मरम्मत कार्य करने पर सहमति जताई है। बैठक में जर्जर भवनों की मरम्मत, भवनों की पेंटिंग, क्लब हाउस की लिफ्ट और अन्य लंबित सिविल कार्यों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कराने तथा गंगाजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।