खोड़ा की दुकान में नमाज पढ़ने पर हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस जांच में जुटी
खोड़ा के शिव पार्क कॉलोनी में एक किराये की दुकान में नमाज़ पढ़ने को लेकर हिंदू रक्षा दल ने हंगामा किया, जिसके बाद नमाज़ पढ़ रहे लोग भाग गए। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
खोड़ा में किराये की दुकान में नमाज़ पढ़ने का मामला।
हिंदू रक्षा दल के विरोध के बाद नमाज़ पढ़ रहे लोग भागे।
दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र की शिव पार्क कॉलोनी में किराये पर दुकान लेकर नमाज पढ़ाने का मामला सामने आया है। नमाज पढ़ने की जानकारी मिलने पर हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने हंगामा किया।
हंगामा होने पर नमाज पढ़ रहे लोग मौके से भाग गए। दुकान मालिक ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिव विहार कॉलोनी निवासी संदीप बघेल ने बताया कि उन्होंने एक दुकान खोड़ा निवासी एक युवक को किराये पर दी थी। चार अगस्त की दोपहर के समय दुकान में काफी लोग एकत्र दिखाई दिए। लोगों के छोटे बच्चे भी मौजूद थे।
दुकान में 20 लोग पढ़ रहे थे नमाज
उन्होंने जाकर देखा कि सभी नमाज पढ़ रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया। इस दौरान हिन्दू रक्षा दल के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी मिल गई। दल के खोड़ा अध्यक्ष सोनू शर्मा और अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
सोनू शर्मा ने बताया कि दुकान में करीब 20 लोग मौजूद थे। इनमें बच्चे और बड़े शामिल थे। सभी नमाज पढ़ रहे थे। विरोध करने पर सभी वहां से भाग गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
दुकान मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जिसे दुकान किराये पर दी गई थी, उससे पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।