Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद में कांवड़ ट्रॉली से टक्कर के बाद कांवड़ियों ने ड्राइवर को पीटा, 50 मिनट तक फंसी रही एंबुलेंस 

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 10:18 AM (IST)

    मुरादनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एक एंबुलेंस ने कांवड़ियों की ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस चालक क ...और पढ़ें

    हादसे में क्षतिग्रस्त हुई एंबुलेंस l

    हादसे में क्षतिग्रस्त हुई एंबुलेंस l

    HighLights

    1. एंबुलेंस ने कांवड़ ट्रॉली को टक्कर मारी, कांवड़ खंडित।

    2. गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस चालक की जमकर पिटाई की।

    3. दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लंबा जाम, पुलिस ने स्थिति संभाली।

    संवाद सहयोगी, मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रेलवे रोड के सामने एक एंबुलेंस ने सोमवार सुबह कांवड़ियों की ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस चालक की पिटाई की व जमकर हंगामा किया। 

    दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगा जाम

    हंगामे के चलते दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लग गया। इससे मरीज को ले जा रही एंबुलेंस करीब 50 मिनट तक फंसी रही। इस दौरान वाहनों की एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। पुलिस ने किसी तरह कांवड़ियों को शांत कराने के बाद आगे रवाना किया। गोवंशी को राष्ट्रमाता घोषित करने के आह्वान के साथ नोएडा के मनु गुर्जर और उनके साथी हरिद्वार से कांवड़ ला रहे हैं। साथ में ट्रैक्टर ट्रॉली भी है।

    NCR News - 2026-08-04T101706.836

    हादसे के बाद कांवड़ियों की सहायता करती पुलिस टीम।

    बीती रात उन्होंने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगे शिविर में विश्राम किया। सुबह छह बजे आगे को रवाना हुए। इसी बीच रेलवे रोड के पास पीछे से आती एक एंबुलेंस ने ट्रॉली के पीछे लगे जेनरेटर में टक्कर मार दी। जेनरेटर की टक्कर ट्रॉली में लगने से पिछले के हिस्से में सजी कांवड़ नीचे गिरकर खंडित हो गई। एंबुलेंस के आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

    गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस ड्राइवर को पीटा

    कांवड़ खंडित होने से गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर हंगामा किया। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए कांवड़ियो को समझाने का प्रयास किया। एंबुलेंस के मरीजों को दूसरे वाहन से गाजियाबाद भिजवाया गया। बाद में सभी कांवड़िये थाने के सामने जमा हो गए और अपने नुकसान की भरपाई के लिए पांच लाख की मांग की।

    खबरें और भी

    हंगामे की सूचना मिलने पर एसीपी मसूरी सुनील कुमार थाने पहुंचे और कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया। कांवड़ियों को गंगा जल देकर आगे को रवाना किया। एसीपी ने बताया मारपीट में घायल हुए एंबुलेंस चालक को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांवड़ियों को समझाकर शांत करा दिया है।

    जेनरेटर ने झेला टक्कर का झटका, कांवड़ियों को बचाया

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस की पहले टक्कर ट्रॉली के पीछे लगे जेनरेटर से हुई थी, जिसके कारण टक्कर का प्रभाव कम हो गया और कोई भी कांवड़िया घायल नहीं हुआ। यदि सीधी टक्कर ट्रॉली से हुई होती, तो सवार कांवड़िये भी गंभीर रूप से घायल हो सकते थे।

    एंबुलेंस में सवार मरीज भी हादसे में हुए घायल

    सीकरी के पास लगे कांवड़ शिविर में आराम करते राजस्थान के सलेकपुर गांव के रहने वाले बिल्लू और राजू की तबीयत खराब होने पर संचालकों के उनके लिए 108 नंबर फोन करके एंबुलेंस मंगाई थी। एंबुलेंस का चालक नदीम दोनों को लेकर गाजियाबाद की ओर जा रहा था। एंबुलेंस की टक्कर ट्रैक्टर से होने के कारण मरीज को चोटे आई हैं।

    हंगामे के चलते सुबह के समय लगा जाम

    कांवड़ियों के हंगामे के चलते सुबह के समय दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम के हालात पैदा हो गए। जाम के दौरान थाने के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गईं।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में तय समय से दो दिन पहले मेरठ रोड हुआ वनवे, 6 किमी तक जाम से जूझे लोग