विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के खोड़ा में डिप्रेशन के शिकार पति ने पत्नी और बेटी की कर दी हत्या, घायल छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

Published: Sat, 22 Aug 2026 08:18 AM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 08:57 AM (IST)

गाजियाबाद के खोड़ा में एक पति ने अपनी पत्नी और बेटी की गंडासे से हत्या कर दी। हमले में दूसरी ...और पढ़ें

HighLights

  1. गाजियाबाद के खोड़ा में पति ने की डबल मर्डर।

  2. पत्नी और बेटी की गंडासे से काटकर हत्या की।

  3. दूसरी बेटी पर चाकू से हमला, आरोपी पति गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र स्थित लोकप्रिय विहार की गली नंबर 3 में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और दो बेटियों पर गंडासे व चाकू से हमला कर दिया। इमारत की चौथी मंजिल पर हुए इस खूनी संघर्ष में मां और बड़ी बेटी की जान चली गई, जबकि छोटी बेटी किसी तरह बचकर भागने में सफल रही।

अस्पताल में दो की मौत, एक घायल

शनिवार तड़के करीब 3:02 बजे तीनों पीड़ितों को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले में घायल दूसरी बेटी रूबी तबस्सुम (14 वर्ष) का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

sana-ansari

वारदात के बाद घर के बाहर बैठा रहा आरोपित

वारदात को अंजाम देने वाला आरोपित महिला का पति मोहम्मद रजा अंसारी है, जो मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का निवासी है। पत्नी के पेट व गले और बेटी के गले पर घातक वार करने के बाद वह मौके से भागा नहीं, बल्कि चुपचाप घर के बाहर ही बैठ गया।

khora-double-murder1

इसी फ्लैट में रहता था परिवार।

आर्थिक तंगी और डिप्रेशन की आशंका

गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करने वाले रजा अंसारी ने शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी के तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से भी जूझ रहा था।

आरोपित गिरफ्तार, मामले की जांच जारी

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि देर रात करीब 12:15 बजे सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद को मिलेगी नई रफ्तार: 2 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर, 541 हेक्टेयर में एयरोसिटी और हिंडन पर बनेगा बंधा

यह भी पढ़ें- अदालत के अंदर कार्यवाही का वीडियो बनाना पड़ा महंगा, गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लिया एक्शन